रियो ओलंपिक में आस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करेंगे भारतीय मूल के पहलवान विनोद दहिया
हरियाणा के छोटे से गांव खंडा में जन्में विनोद दहिया रियो अोलंपिक में आस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह एक वर्ष पहले ही आस्ट्रेलिया के नागरिक बने हैं।
सिडनी (एजेंसियां)। भारतीीय मूल के पहलवान विनोद कुमार दहिया रियो ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनका चयन ग्रीकोरोमन 66 किग्रा भार वर्ग में हुआ है। आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार एक छोटे से गांव खंडा (हरियाणा) में जन्मे विनोद एक वर्ष पहले ऑस्ट्रेलिया के नागरिक बने और अब वह ओलंपिक में पदार्पण करेंगे। उन्होंने अल्जीरिया में एशिया ओसियाना ओलंपिक पात्रता टूर्नामेंट में रजत जीतकर ओलंपिक कोटा हासिल किया है।
ब़़डे भाई के नक्शे-कदम पर :
अपने ब़़डे भाई के नक्शे कदम पर चलते रहे विनोद ने आठ वर्ष की उम्र से कुश्ती शुरू की। 1998 में परिवारजनों ने विनोद को दिल्ली में महाबलि सतपाल की अकादमी में भेजा। उसके चार वर्ष तक उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्पर्धाओं में भाग लिया। वे वर्ष 2010 में ऑस्ट्रेलिया गए, जहां यूनाइटेड कुश्ती क्लब में कुलदीप बस्सी के मार्गदर्शन में अभ्यास शुरू किया। इसके बाद उन्होंने फिर कभी पीछे पलटकर नहीं देखा। विक्टोरिया में बसे विनोद अब तक छह राष्ट्रीय चैंपियनशिप और अनगिनत पदक जीत चुके हैं।