खराब मौसम बना आफत, अंडमान में फंसे पर्यटकों को बचाने का काम रुका
अंडमान में भारी बारिश के कारण फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए नेवी ने अपने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
अंडमान, जेएनएन। अंडमान के हैवलॉक में भारी बारिश के कारण करीब 1400 पर्यटक फंसे हैं। अंडमान के स्थानीय प्रशासन द्वारा इनके बचाव के लिए भारतीय नौसेना से मदद मांगी गयी थी, जिसके बाद नेवी के चार जहाजों को इस काम पर लगाया गया है। लेकिन खराब मौसम के चलते फंसे हुए पर्यटकों को निकालने का काम कल तक के लिए रोक दिया गया है। नेवी के प्रवक्ता ने ये जानकारी दी ।
रातभर हुई बारिश ने द्वीप में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और अंडमान के उत्तरी व मध्य हिस्से में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इस बीच, अंडमान निकोबार के गवर्नर जगदीश मुखी ने लोगों को मौसम के सुधरने तक घर के अंदर ही रहने को कहा है।
बता दें कि पोर्ट ब्लेयर और हैवलॉक के बीच की दूरी 25 नॉटिकल मील यानि करीब 50 किलोमीटर है। मौसम काफी खराब होने के कारण नेवी द्वारा भेजे गए जहाज हैवलॉक तक नहीं पहुंच पाए हैं और राहत कार्यों में देरी हो रही है। इस बीच नेवी के पीआरओ, डीके शर्मा ने कहा, 'हैवलॉक में 800 से अधिक पर्यटक फंसे हैं, हम उन्हें वहां से निकालने के लिए तैयार हैं। हमें बस मौसम साफ होने का इंतजार है।'
More than 800 tourists are stranded in Havelock Island; we are ready for evacuation, waiting for weather to clear: DK Sharma (Navy PRO) pic.twitter.com/mM8sRQKAaA
— ANI (@ANI_news) December 7, 2016
इससे पहले हैवलॉक में भारी बारिश को देखते हुए अंडमान के स्थानीय प्रशासन ने बुधवार सुबह नेवी से सहायता देने का अनुरोध किया था। जिसके बाद वहां फंसे करीब 1400 पर्यटकों को वहां से निकालने के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया था। नेवी की ओर से जारी बयान के अनुसार, नेवी ने अपने चार जहाज- INS Bitra, Bangaram, Kumbhir व LCU 38 भेज दिया है। ये सभी जहाज वहां फंसे पर्यटकों को बचाने में मदद करेंगे।
#HADR Indian Navy swings in2 action 2 evacuate 800 stranded tourists at Havelock Is. 4ships sailed ex Port Blair & in area @SpokespersonMoD
— SpokespersonNavy (@indiannavy) December 7, 2016
दरअसल, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान के कारण अंडमान में भारी बारिश हो रही है। इस कारण पर्यटकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश को लेकर मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पर्यटकों को हैवलॉक से सुरक्षित निकालकर पोर्टब्लेयर ले जाया जाएगा। बारिश के कारण उड़ानें भी प्रभावित हैं। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में अगले 48 घंटे भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पोत बंदरगाह के बाहर इंतजार कर रहे हैं। पर्याप्त खाना, पानी, दवाएं और डॉक्टरों के साथ ही गोताखोरों और स्थानीय प्रशासन के कर्मचारियों को पोत पर लाया जा रहा है ताकि राहत मुहैया कराई जा सके। पोत पोर्ट ब्लेयर से बुधवार सुबह सवा तीन बजे रवाना हुए और यह फंसे हुए सैलानियों को वापस पोर्ट ब्लेयर लाएंगे।