पाकिस्तानी उच्चायुक्त बासित को भारत ने चेताया
विदेश मंत्रालय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि पाकिस्तानी उच्चायुक्त को कूटनीतिक तौर तरीके का लिहाज करना चाहिए।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान दिवस पर पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित के कश्मीर पर दिए बेहद भड़काऊ बयान की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि पाकिस्तानी उच्चायुक्त को कूटनीतिक तौर तरीके का लिहाज करना चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने पाकिस्तान को भारत के आंतरिक मामले में हस्तक्षेप करने की आदत से भी बाज आने की नसीहत दी है। सलाह दी गई है कि पाकिस्तान अपने यहां की आतंकी गतिविधियों को रोकने की कोशिश करे। इसकी वजह से ही ने न सिर्फ पूरे दक्षिण एशिया में शांति भंग हो रही है बल्कि पाकिस्तान के इन देशों के साथ रिश्ते भी खराब हो रहे हैं।
भारत की यह तीखी प्रतिक्रिया बासित की उस टिप्पणी के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कश्मीर समस्या का समाधान कश्मीरियों की इच्छा के मुताबिक करने की बात कही थी। पाकिस्तान दिवस पर गुरुवार सुबह यहां स्थित पाक उच्चायोग में एक समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में बासित ने कहा, 'पाकिस्तान, भारत के साथ शांतिपूर्ण और अच्छे रिश्ते चाहता है। इसलिए वह कश्मीर समस्या का समाधान वहां के लोगों की इच्छानुसार चाहता है।' बासित ने यह भी कहा कि लोगों की इच्छाओं को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है लेकिन उनका हमेशा के लिए दमन नहीं किया जा सकता। इस मौके पर उन्होंने कश्मीर के अलगाववादी आंदोलन के सफल होने की कामना की।
पाकिस्तान ने अलापा कश्मीर राग
पाकिस्तान ने कश्मीर में अशांति के लिए फिर भारत पर तोहमत मढ़ी है। पाकिस्तान के गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कहा, हम बातचीत के जरिये कश्मीर मुद्दा सुलझाना चाहते हैं लेकिन भारत लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर क्षेत्रीय शांति को खतरे में डाल रहा है। उल्लेखनीय है कि आजादी के बाद से ही पाकिस्तान कश्मीर में अलगाववाद को बढ़ावा दे रहा है और आतंकी भेजकर हमले कराता रहा है।
मममून ने नियंत्रण रेखा पर होने वाली गोलीबारी के लिए भी भारत को जिम्मेदार ठहराया और कहा, भारतीय सुरक्षा बल संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन करते रहते हैं जिससे शांति को लेकर खतरा पैदा होता है। पाकिस्तान की सैन्य ताकत और परमाणु क्षमता दुनिया और क्षेत्रीय शांति के लिए जरूरी है।
पाकिस्तान की गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार चीन और सऊदी अरब की सैन्य टुकडि़यों ने भी मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। तुर्की सेना के मेहर बैंड ने भी लोगों का मनोरंजन किया।
यह भी पढ़ेंः भारत ने कहा, पाकिस्तान को पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान खाली करना होगा
यह भी पढ़ेंः बांग्लादेश से भाग बंगाल, असम व त्रिपुरा में शरण ले रहे आतंकी