Move to Jagran APP

दुबई के एक्सपो 2020 में भारत दिखाएगा अपनी ताकत

मोदी सरकार तीन साल बाद दुबई में होने जा रहे एक्सपो 2020 में बड़े पैमाने पर देश की वाणिज्यिक ताकत को शोकेस करने जा रही है।

By Kamal VermaEdited By: Published: Wed, 26 Apr 2017 11:42 PM (IST)Updated: Wed, 26 Apr 2017 11:42 PM (IST)
दुबई के एक्सपो 2020 में भारत दिखाएगा अपनी ताकत

नई दिल्ली (नितिन प्रधान)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की धमक और पहचान को साबित करने के लिए मोदी सरकार तीन साल बाद दुबई में होने जा रहे एक्सपो 2020 में बड़े पैमाने पर देश की वाणिज्यिक ताकत को शोकेस करने जा रही है। करीब छह महीने तक चलने वाले इस एक्सपो में वे सभी मंत्रालय और विभाग हिस्सा लेंगे जो निर्यात किये जाने वाले उत्पादों से जुड़े हैं। इस एक्सपो के लिए निर्यात संघों के शीर्ष संगठन फियो यानी फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशन को नोडल एजेंसी बनाया गया है। माना जा रहा है कि इस एक्सपो से उस वर्ष निर्यात में 10 से 15 फीसद की वृद्धि होगी।

loksabha election banner

यह मेला 20 अक्टूबर 2020 से 21 अप्रैल 2021 तक दुबई में आयोजित हो रहा है। हर पांच साल में होने वाला यह एक्सपो इससे पहले 2015 में इटली और 2010 में शंघाई में हुआ था। भारत शंघाई के एक्सपो में भी शिरकत कर चुका है। लेकिन पिछले एक्सपो में भारत इसका हिस्सा नहीं बना था। लेकिन इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप सरकार ने इसमें शिरकत करने का फैसला किया है। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री खुद इस मेले में देश की वाणिज्यिक संभावनाओं को शोकेस करने में रुचि ले रहे हैं।

एक्सपो के लिए नोडल एजेंसी बने फियो के नए प्रेसिडेंट गणेश कुमार गुप्ता ने दैनिक जागरण से खास बातचीत में कहा कि इस मेले में सभी उद्योग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में अफ्रीका, मध्य पूर्व, खाड़ी और पूर्वी एशियाई देशों समेत करीब 200 देशों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। 100 से अधिक देश अब तक इसमें रुचि दिखा चुके हैं। दुबई एक्सपो में करीब 25 लाख भारतीय दर्शकों के आने की उम्मीद है।

एक्सपो की तैयारियों में जुटे गुप्ता और फियो के महानिदेशक अजय सहाय इसी महीने तीन दिन के लिए दुबई के दौरे पर गए थे। गुप्ता ने बताया कि दुबई एक्सपो का कुल आकार 1080 एकड़ का होगा। भारत को पवेलियन के लिए 6000 वर्ग मीटर की जगह मिली है जो किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक है। फियो प्रेसिडेंट ने कहा कि दुबई एक्सपो के आयोजक भारत की हिस्सेदारी को लेकर काफी उत्साहित हैं और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से भी काफी प्रभावित हैं। यही वजह है कि आयोजक एक्सपो के दौरान 2021 का गणतंत्र दिवस भी धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

एक्सपो में इंडिया पवेलियन में 80 फीसद स्टाल सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के होंगे। बाकी 20 फीसद विभिन्न क्षेत्रों के निर्यातकों यानी निजी क्षेत्र से होंगे। सरकार की बड़े पैमाने पर इस भागीदारी के बारे में गुप्ता ने कहा कि मेक इन इंडिया जैसे अभियानों को सफल बनाने के लिए यह जरूरी है कि देश को शोकेस किया जाए। तभी भारत में निवेश आ सकेगा। इसके अलावा निर्यात को बढ़ाने में भी इससे मदद मिलेगी।

बीते पांच महीने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय उत्पादों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। मार्च में तो निर्यात में 27 फीसद की वृद्धि हुई है। गुप्ता मानते हैं कि एक्सपो की वजह से तात्कालिक वर्ष में निर्यात में 10-15 फीसद की वृद्धि देखने को मिल सकती है। जबकि अभी वार्षिक औसत चार-पांच फीसद की है। आज की तुलना में देखें तो निर्यात की वृद्धि 2021 के बाद 25-30 फीसद बैठेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.