सैनिक की विधवा से कर्नल ने किया दुष्कर्म
सैन्य छावनी में एक कर्नल ने सेना के ड्राइवर की विधवा को नशीला जूस पिलाकर दुष्कर्म किया। उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर कर्नल अपने घर ले गया था।
आगरा [विनीत त्रिपाठी]। सैन्य छावनी में एक कर्नल ने सेना के ड्राइवर की विधवा को नशीला जूस पिलाकर दुष्कर्म किया। उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर कर्नल अपने घर ले गया था।
इस बारे में सैन्य इंटेलीजेंस यूनिट को की गई शिकायत पर स्टेशन हेडक्वार्टर आगरा ने जवाब दिया कि यह मामला सेना के अधिकार क्षेत्र का नहीं है। अब पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है।
शिवाजी रोड, आगरा कैंट निवासी पीड़िता का पति सेना में ड्राइवर था। 25 मई 2009 को उसकी मृत्यु हो गई। दो बच्चों की पढ़ाई का बोझ और गृहस्थी का खर्च से परेशान होकर विधवा आगरा स्टेशन हेडक्वार्टर में नौकरी की तलाश को गई।
आरोप है कि हेडक्वार्टर में उसकी मुलाकात 50 स्वतंत्र पैराशूट रेजिमेंट के एक कर्नल से हुई। उसने नौकरी देने के लिए 30 जुलाई 2011 को मुख्यालय बुलाया।
कागजात चेक करने के बहाने ऑफिस की ही एक महिला कर्मी के साथ कर्नल उसे अपने निवास पर ले गया। महिला कर्मी के जाने के बाद कर्नल ने उसे नशीला जूस पिलाकर हवस का शिकार बनाया।
पीड़िता ने 20 अगस्त 2011 को सैन्य इंटेलिजेंस यूनिट और आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन को शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को एडम कमांडेंट स्टेशन हेडक्वार्टर जवाब में पत्र भेजा। इसमें लिखा कि बलात्कार का केस सिविल कोर्ट में ही चल सकता है। ये सेना के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। न्याय के लिए आप सिविल कोर्ट में एप्रोच करें।
पीड़िता ने एक सितंबर 2011 को राष्ट्रीय महिला आयोग नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई। नेशनल एक्स-सर्विसमेन को-ऑर्डिनेशन कमेटी के सचिव वीर बहादुर सिंह के समक्ष भी शिकायत दर्ज कराकर इंसाफ दिलाने को कहा। पीड़िता ने कर्नल के खिलाफ एफआइआर के लिए अभी पुलिस से संपर्क नहीं किया है। उसका कहना है कि सैन्य इंटेलीजेंस को की गयी शिकायत का जवाब देने में इतनी देरी कर दी गयी कि पुलिस अब सीधे एफआइआर नहीं दर्ज करेगी। ऐसे में वह राष्ट्रीय महिला आयोग के माध्यम से ही एफआइआर कराएगी। वहीं, कर्नल का पक्ष जानने के लिए फोन पर किए गए सभी प्रयास असफल रहे।
पीड़िता ने बताया कि मुझे न्याय न मिला तो मैं जान दे दूंगी। कर्नल को सजा दिलाकर रहूंगी, ताकि कोई दूसरी महिला उसकी हवस का शिकार न बन सके।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर