गुरुदास कामत ने इस्तीफा लिया वापस , कांग्रेस में लौटे
गुरुदास कामत ने कांग्रेस में दोबारा वापसी का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जो आमलोगों से जुड़ी हुई है।
मुंबई(एएनआई)। महाराष्ट्र कांग्रेस के कद्दावर नेता गुरुदास कामत ने इस्तीफा वापस ले लिया है। अब वो कांग्रेस में बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद उनके विचारों में बदलाव आया है। कांग्रेस ही वो पार्टी है जो आम लोगों की जरुरतों, इच्छाओं का सम्मान करती है।
कामत ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की थी। इसके अलावा उन्होंने ये बताया कि इस तरह के फैसले से पार्टी कमजोर होगी और जनता के बीच गलत संदेश जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी साफ किया था कि कामत की परेशानियों पर विचार किया जाएगा।
बताया जाता है कि कामत मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम और प्रभारी मोहन प्रकाश के कार्यप्रणाली से खुश नहीं थे। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक कामत अपने संसदीय क्षेत्र मुंबई उत्तर-पूर्व के कुछ मामलों को जिस ढंग से निपटाया गया उसे लेकर असहज थे। गौरतलब है कि पांच दफा सांसद रहे कामत ने पिछले महीने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।