गुरमीत के लिए 4,208 लोगों ने की थी पद्म पुरस्कार की सिफारिश
केंद्रीय गृह मंत्रालय को 2017 के पद्म पुरस्कारों के लिए 18,768 लोगों की सिफारिशें मिली थीं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को इस साल 4,208 लोगों ने पद्म पुरस्कार देने की सिफारिश की थी। गुरमीत ने खुद भी अपने लिए पांच सिफारिशें की थीं। केंद्रीय गृह मंत्रालय को 2017 के पद्म पुरस्कारों के लिए 18,768 लोगों की सिफारिशें मिली थीं। इनमें सबसे ज्यादा 4,208 लोगों ने राम रहीम को यह पुरस्कार देने का अनुरोध किया था।
सभी सिफारिशें हरियाणा के सिरसा से आई थीं, जहां डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय है। गृह मंत्रालय के पास उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार राम रहीम ने अपने लिए जो पांच बार सिफारिश की थी, उनमें तीन बार उसका पता सिरसा दिया गया था। इसके अलावा एक आवेदन में उसने अपना पता हरियाणा के हिसार और दूसरे में राजस्थान के श्रीगंगानगर का दिया था, जहां वह पैदा हुआ था।
डेरा प्रमुख को जिन लोगों ने पद्म पुरस्कार देने की सिफारिश की, उनमें से ज्यादातर ने अपना नाम बगैर उपनाम के लिखा। उदाहरण के लिए आभा, आदित्य, अकबर, अल्फेज, बलजिंदर, मिल्की, गजल, कोमल, जॉनी, जस्सी और ईश्वर के नामों से ज्यादातर सिफारिशें की गई।
यह भी पढ़ें: सूचनाएं लीक करने पर पुलिसकर्मी निलंबित, डेरे की कमेटी को दे रहा था जानकारी