सरदार पटेल के दिल से होगा गुजरात का दीदार, 153 मीटर की ऊंचाई पर बनेगी दर्शक दीर्घा
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नजरिये में देश की झांकी कैसी थी। यह अमूमन सभी को पता है। अब सरदार पटेल के दिल से गुजरात का भी दीदार किया जा सकेगा। दरअसल, विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में तैयार हो रही स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दिल में
नोएडा (प्रभात उपाध्याय)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नजरिये में देश की झांकी कैसी थी। यह अमूमन सभी को पता है। अब सरदार पटेल के दिल से गुजरात का भी दीदार किया जा सकेगा। दरअसल, विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में तैयार हो रही स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दिल में खिड़कियां लगेंगी। इससे गुजरात के मनोहारी दृश्य का दीदार किया जा सकेगा।
पटेल के स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के फाउण्डेशन के निर्माण का उद्धाटन
सरदार सरोवर डैम के पास स्थापित होने वाली सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के भीतर एक दर्शक दीर्घा (व्यूइंग गैलरी) भी बनेगी। यह दीर्घा 153 मीटर की ऊंचाई यानी सीने की ऊंचाई पर होगी। यहां तक पहुंचने के लिए प्रतिमा के दोनों पैरों के अंदर दो लिफ्ट भी लगाई जाएगी। साथ ही सीढिय़ों के माध्यम से भी दर्शक दीर्घा तक पहुंचा जा सकेगा। दीर्घा में दोनों तरफ खिड़कियां लगी होंगी। इन खिड़कियों की मदद से नर्मदा डैम के साथ ही दूर-दराज तक के दृश्यों का दीदार किया जा सकेगा। दर्शक दीर्घा (व्यूइंग गैलरी) में एक साथ करीब दो सौ पर्यटकों के खड़े होने की व्यवस्था होगी।आठ मंजिला इमारत के ऊपर प्रतिमा होगी स्थापित
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की स्थापना आठ मंजिला इमारत के ऊपर होगी। जिसकी उंचाई 85 फिट होगी। इमारत में म्यूजियम, सोवेनियर शॉप आदि होंगी। इमारत का फाउंडेशन तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
दो साल में तैयार होगी प्रतिमा
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी अगले दो सालों में तैयार हो जाएगी। प्रसिद्ध शिल्पकार राम वी. सुतार ने इस प्रतिमा का मॉडल तैयार किया है और उनकी निगरानी में चीन में इसकी कास्टिंग यानी विस्तृत रूप दिया जा रहा है। प्रतिमा तैयार होने के बाद अलग-अलग हिस्सों में इसे भारत लाया जाएगा।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दिल में लगेंगी खिड़कियां
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की कास्टिंग चीन में चल रही है। प्रतिमा के अंदर सीने की ऊंचाई पर एक दर्शक दीर्घा (व्यूइंग गैलरी) होगी। जिसमें खिड़कियां लगी होंगी। इसकी मदद से डैम व आसपास का नजारा देखा जा सकेगा - राम वी. सुतार, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के डिजाइनर
प्रतिमा से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य
कुल वजन : 1700 टन
कुल ऊंचाई : 522 फिट (182 मीटर)
पैर की ऊंचाई : 80 फिट
हाथ की ऊंचाई : 70 फिट
कंधे की ऊंचाई : 140 फिट
चेहरे की ऊंचाई : 70 फिट
-------------------