भारत के संचार उपग्रह GSAT-17 की फ्रेंच गुयाना से हुई सफलतापूर्वक लॉन्चिंग
अत्याधुनिक संचार उपग्रह जीसेट-17 को आज तड़के फ्रेंच गुयाना से प्रक्षेपित किया गया।
बेंगलुरु (पीटीआई)। भारत का अत्याधुनिक संचार उपग्रह जीसेट-17 गुरुवार तड़के फ्रेंच गुयाना में कोरू स्थित एरियन स्पेस रॉकेट से लांच किया गया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को यह जानकारी दी थी। एक महीने से भी कम अवधि में यह तीसरा अहम प्रक्षेपण हुअा। कुछ दिन पहले ही इसरो ने जीसेट-19 और पीएसएलवी सी-38 कार्टोसेट भी लांच किया है। पीएसएलवी सी-38 के साथ 30 और उपग्रहों का प्रक्षेपण किया गया था।
जीसेट-17 करीब 3,477 किलोग्राम भार का पेलोड ले जाएगा। विभिन्न किस्म की संचार सेवाएं हासिल करने के लिए यह सेटेलाइट सी-बैंड, एक्सटेंडेट सी-बैंड और एस-बैंड से लैस है। इसमें मौसम संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए भी उपकरण लगे हैं। इसकी मदद से राहत और बचाव सेवाओं में मदद मिलेगी। हालांकि अब मार्क-3 के सफल परीक्षण के बाद इसरो भविष्य में 5,000 किलोग्राम तक के सेटेलाइट को लांच कर सकेगा।
अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि इसरो द्वारा लांच किया जाने वाला इस महीने यह तीसरा सेटेलाइट है। इससे पहले जीएसएलवी मार्क-3 श्रेणी का जीसेट-19 सेटेलाइट पांच जून, जबकि पीएसएलवी सी-38 का 23 जून को प्रक्षेपण किया गया था। दोनों ही उपग्रहों को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेश सेंटर से प्रक्षेपित किया गया था।
यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष में भारतीय सेना हुई मजबूत, 13 सैटेलाइट से दुश्मनों पर है नजर
यह भी पढ़ें: मार्क 3 रॉकेट के सफल प्रक्षेपण के साथ इसरो के अंतरिक्ष में बढ़ते कदम