पूर्व पीएम नरसिम्हा राव के करीबी रहे चंद्रास्वामी का निधन
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की जांच कर रहे आयोग ने तांत्रिक को आपराधिक षडयंत्र के मामले में आरोपी बनाया था।
नई दिल्ली, प्रेट्र। विवादास्पद तांत्रिक चंद्रास्वामी का मंगलवार दोपहर निधन हो गया। दोपहर 2.35 बजे अपोलो अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनके शरीर के कई अंगों ने एक साथ काम करना बंद कर दिया था। लाख कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
66 वर्षीय तांत्रिक गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल हुए थे। चंद्रास्वामी एक समय में सत्ता की धुरी माने जाते थे। नरसिम्हा राव के प्रधानमंत्री रहते वह सत्ता के सबसे बड़े शक्ति केंद्र रहे। उनकी राव से बेहद नजदीकी थी। हमेशा से विवादित रहने वाले चंद्रस्वामी के लिए जैन कमीशन की रिपोर्ट बड़ा झटका थी।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की जांच कर रहे आयोग ने तांत्रिक को आपराधिक षडयंत्र के मामले में आरोपी बनाया था। हालांकि चंद्रस्वामी हमेशा से कानून के खिलाफ काम करने वाले विवादास्पद व्यक्ति रहे। उनका असली नाम नेमीचंद था। 1996 में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि तांत्रिक ने लंदन के बिजनेसमैन के साथ धोखाधड़ी की। हमेशा सफेद कपड़े पहनने व लंबे बाल रखने वाले चंद्रास्वामी के खिलाफ कई आर्थिक अनियमितताओं के मामले भी चल रहे हैं। फेरा के उल्लंघन को लेकर उन पर कई बार शिकंजा कसा गया था।
यह भी पढ़ें: शंकराचार्य स्वरूपानंद से मिले चंद्रास्वामी