बोरवेल से बचाई गई बच्ची की मौत
घनश्यामगढ़ गांव में 125 फीट गहरे बोरवेल में गिरी तीन वर्षीय बच्ची को निकाले जाने के तुरंत बाद ही उसकी मौत हो गई।
अहमदाबाद। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के जूना घनश्यामगढ़ गांव में 125 फीट गहरे बोरवेल में गिरी तीन वर्षीय बच्ची को निकाले जाने के तुरंत बाद ही उसकी मौत हो गई। इस बच्ची को आठ घंटे के ऑपरेशन के बाद निकाला गया था। जिले के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) भी घटना स्थल पर पहुंचा था। उसने भी बचाव अभियान में हिस्सा लिया।
कलेक्टर उदित अग्रवाल ने बताया कि रात 2.45 बजे जब बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाला तो वह जिंदा थी। उसे तुरंत सामुदायिक चिकित्सा केंद्र पर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बोरवेल 125 फीट गहरा था और बच्ची करीब 100 फीट की गहराई पर अटकी हुई थी। बचाव अभियान के दौरान बोरवेल में लगातार ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाती रही।