गहलोत ने वाघेला को चाय पर बुलाया
गुजरात कांग्रेस के लिए यह बैठक साबित होगी निर्णायक..
शत्रुघन शर्मा, अहमदाबाद। गुजरात कांग्रेस कार्यालय पर लगे बैनर से नेता विपक्ष शंकर सिंह वाघेला की फोटो गायब होने व वाघेला के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच गुजरात कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत ने उन्हें चाय पर बुलाया है। प्रदेश कांग्रेस के लिए यह बैठक निर्णायक साबित होगी। दो दिन की मैराथन बैठक के बाद गहलोत का दावा है कि इस बार जनता कांग्रेस के पक्ष में है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात कांग्रेस की नब्ज टटोलने के लिए पिछले दो दिनों में सभी स्तर के नेताओं से मिले। गहलोत के आने से पहले ही वाघेला विदेश दौरे पर चले गए थे इसलिए शुक्रवार को उन्होंने वाघेला को मिलने को बुलाया है। गुजरात में कांग्रेस 22 साल से सत्ता से बाहर है। कार्यकारिणी बैठक में खुद गहलोत कांग्रेस नेताओं को समझा चुके हैं कि ऐसा ही चलता रहा तो अगले चुनाव में भी कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए लोहे के चने चबाने होंगे। वाघेला की प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह सोलंकी से मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर अनबन है।
गौरतलब है कि वाघेला ने ट्विटर पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के तमाम नेताओं अनफोलो कर दिया था, जिसके बाद से यह विवाद चल रहा है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से उनकी मुलाकात भी कांग्रेस को नागवार गुजरी है।
यह भी पढ़ेंः गोरक्षा के नाम पर हिंसा करने वाले भाजपा के लोग नहीं- गडकरी