अस्पताल में महिला मरीज से सामूहिक दुष्कर्म
अस्पताल में भर्ती एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना मध्य प्रदेश के रीवा की है।
नई दुनिया ब्यूरो, रीवा। सीने में दर्द होने पर इलाज के लिए श्यामशाह मेडिकल कॉलेज के संजय गांधी अस्पताल की चौथी मंजिल पर भर्ती एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। दिल दहला देने वाली इस घटना को अस्पताल के दो सफाई कर्मचारियों सहित एक नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने अंजाम दिया।
पुलिस ने दो सफाई कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस महिला के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
पीड़ित महिला ने बताया कि गुरुवार की रात वह 10 बजे अस्पताल के नीचे कम्प्यूटर कक्ष से अपनी जांच की पर्ची कटवाने के बाद सीढ़ी के रास्ते चौथी मंजिल में वार्ड में जा रही थी। इसी बीच सीढ़ी पर तीन युवक मिले और उसे सीधे छत पर खींच ले गए। जहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।