खुलकर मैदान-ए-जंग में आ गई पूर्व मिस चंडीगढ़
आइएएस के बेटे अजय भारद्वाज पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीडि़ता व पूर्व मिस चंडीगढ़ अब खुलकर मैदान-ए-जंग में आ गई है। उनका कहना है कि संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) भारती अरोड़ा ने कार्रवाई से बचने के लिए पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क के खिलाफ शिकायत पुलिस महानिदेशक को
गुड़गांव : आइएएस के बेटे अजय भारद्वाज पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीडि़ता व पूर्व मिस चंडीगढ़ अब खुलकर मैदान-ए-जंग में आ गई है। उनका कहना है कि संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) भारती अरोड़ा ने कार्रवाई से बचने के लिए पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क के खिलाफ शिकायत पुलिस महानिदेशक को भेजी है।
बृहस्पतिवार को पीडि़ता ने मीडियाकर्मियों को बताया कि भारती अरोड़ा के खिलाफ परेशान करने की शिकायत उसने 9 अगस्त को पुलिस महानिदेशक को दे दी थी। इससे दो दिन पहले मुख्यमंत्री मनोहरलाल को भी शिकायत भेजी थी। पुलिस महानिदेशक से उसके परिजन भी मिलने के लिए गए थे। जब भारती को लगा कि अब उसके खिलाफ कार्रवाई तय है तो उसने 10 अक्टूबर एवं इसके बाद पुलिस आयुक्त के खिलाफ शिकायत करके मामले को गलत दिशा में मोड़ दिया।
पीडि़ता का कहना है कि अजय भारद्वाज की शादी हो चुकी थी यह उसे नहीं पता था। अजय ने उसे धोखे में रखा। उसके पास 30 लाख रुपये से अधिक बैंक में थे जो उससे धोखे से ले लिए गए। यह जानकारी भारती अरोड़ा को है। सबसे बड़ी बात यह है कि दुष्कर्म मामले की शिकायत जब दर्ज कराई थी उस समय भारती अरोड़ा ने कुछ भी नहीं कहा। बाद में वह आरोपी के पक्ष में मजबूती के साथ खड़ी हो गईं। अरोड़ा द्वारा नोटिस भेजे जाने के सवाल पर पीडि़ता ने कहा कि उसे बृहस्पतिवार देर शाम तक नोटिस नहीं मिला। नोटिस आने पर जवाब दिया जाएगा।
अरोड़ा ने साध ली चुप्पी
बुधवार तक मामले पर मुखर होकर बोलने वाली भारती अरोड़ा ने चुप्पी साध ली है। पीडि़ता को नोटिस भेजा या नहीं भेजा इस सवाल का भी उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया। वैसे सूत्र बताते हैं कि अरोड़ा ने अपनी शिकायत लगातार पुलिस महानिदेशक तक पहुंचा रही हैं। फेसबुक हैक होने की शिकायत भी उन्होंने पुलिस महानिदेशक से कर दी है।
नहीं आए जांच अधिकारी
दिन भर मामले के जांच अधिकारी व पुलिस महानिदेशक (क्राइम) केपी सिंह के आने की चर्चा चलती रही। साथ ही दोनों अधिकारियों के तबादले की भी चर्चा गर्म रही। अन्य विभागों से लेकर आम आदमी के बीच भी चर्चा चलने लगी है कि कभी भी दोनों पर या दोनों में से किसी एक पर गाज गिर सकती है।