ठंड व धुंध का कहर जारी, 59 ट्रेनें प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शनिवार की सुबह कोहरे और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच हुई। कोहरे के कारण उत्तर भारत में चलने वाली 59 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शनिवार की सुबह कोहरे और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच हुई। कोहरे के कारण उत्तर भारत में चलने वाली 59 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। हालांकि यहां तापमान कल जैसा ही रहा किंतु सूर्य के दर्शन न होने के कारण लोगों को ठंड का अहसास अधिक रहा। नई दिल्ली में तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। नई दिल्ली में द्रश्यता सुबह 8.30 बजे रह गई इसके कारण काफी ट्रेनें देर से चल रही थीं। हालांकि इसका कोई असर उड़ानों पर नहीं पड़ा। सर्दी के कहर से उत्तर प्रदेश में बीते चौबीस घंटों में दस लोगों ने दम तोड़ दिया है।
उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाएं और कोहरा मुसीबत बना हुआ है। पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट का दौर जारी है। पश्चिमी उप्र के कुछ जिलों में धूप जरूर निकली लेकिन गलन के कारण राहत नहीं मिली। सर्दी के कहर से बीते चौबीस घंटों में दस लोगों ने दम तोड़ दिया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने के आसार हैं।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को जहां धूप निखरी रही, वहीं मैदानी इलाकों को कोहरे ने परेशन करके रख दिया। हरिद्वार, रुड़की तो दिनभर कोहरे के आगोश में रहे। देहरादून में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और शाम को सर्द हवा व कोहरे के कारण ठिठुरन बढ़ गई। कुमाऊं मंडल में भी मैदानी इलाकों में सुबह कोहरा रहा।
जम्मू- कश्मीर में शीत लहर का प्रभाव निरंतर जरी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है। लद्दाख के लेह रीजन में तापमान सर्वाधिक कम -16.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। ग्रीष्मकालीन राजधानी में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पंजाब में घनी धुंध व शीतलहर के कारण शनिवार को लोगों की खूब कंपकपी छूटी। अमृतसर में ठंड से पूर्व पार्षद सहित तीन लोगों की मौत हो गई। धुंध के कारण रेल, सड़क व हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित रहा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 15 में से 12 उड़ानों को रद करना पड़ा। हरियाणा में अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रहा। हरियाणा में नारनौल सबसे कम तापमान 3.5 डिग्री रहा।
हिमाचल प्रदेश में इस बार लोहड़ी का त्योहार अपने साथ बारिश व बर्फबारी भी लेकर आ रहा है। मौसम विभाग ने लोहड़ी व मकर संक्रांति पर बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 13 व 15 जनवरी को अधिक ऊंचाई वाले कई स्थानों पर बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व हल्की बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान कल्पा में - 3.4 डिग्री रहा।