इंदौर में फ्लाइंग क्लब का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 2 घायल
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर बुधवार को एक ट्रेनिंग प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर बुधवार को एक ट्रेनिंग प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक अपुष्ट जानकारी के अनुसार इस हादसे में दो व्यक्ति घायल हो गए।
बताया जाता है कि यह ट्रेनिंग प्लेन एमपी फ्लाइंग का है। इसमें पायलट और को-पायलट सवार थे। हादसा विमानतल परिसर में ही हुआ। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के टावर से करीब डेढ सौ मीटर दूर प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद विमानतल परिसर में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। विमानतल पर अगले तीन घंटे तक विमान सेवाएं रोक दी गई हैं। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों के नाम हर्षद और पवनदीप बताए गए हैं। संभवत: टेक ऑफ के दौरान हादसा बताया जाता है। हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन ने हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
हादसे के बाद बचाव कार्य शुरू कर दिए गए थे। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। बताया जाता है कि ट्रेनिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ।