पश्चिम बंगाल में मछुआरों ने साथी को बाघ के जबड़े जिंदा छुड़ाया
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह निताई अपने छह अन्य साथियों के साथ सुंदरवन के पाथरप्रतिमा के पलाश नदी में केकड़ा और मछली पकड़ने पहुंचा था।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के सुंदरवन स्थित पाथरप्रतिमा के जंगल में रॉयल बंगाल टाइगर के जबड़े में फंसे एक मछुआरे को साथियों ने साहस दिखाते हुए छुड़ा लिया। हालांकि बाघ के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके चेहरे और कंधे पर हमले के चलते गहरे घाव बन गए हैं। उसका नाम निताई दास है। वह पाथरप्रतिमा का रहने वाला है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह निताई अपने छह अन्य साथियों के साथ सुंदरवन के पाथरप्रतिमा के पलाश नदी में केकड़ा और मछली पकड़ने पहुंचा था। अचानक घने जंगलों से एक बाघ निकल कर आया और निताई पर हमला कर दिया। बाघ ने निताई को अपने जबड़ों में दबोच लिया। यह देख वहां से भागने के बजाय साथियों ने साहस का परिचय दिया और बांस-बल्ली लेकर बाघ पर टूट पड़े। मछुआरों के चौतरफा प्रहार के चलते बाघ घबड़ा गया।
कुछ देर तक मछुआरों के प्रहारों को झेलने के बाद वह निताई को छोड़ कर वापस घने जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। बाद में साथियों की मदद से बुरी तरह घायल निताई को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पढ़ें- बाघिन के आतंक से छुटकारा पाने को ग्रामीणों ने लिया भगवान का सहारा