तेजी से हो नदी जोड़ने का काम - डीएमके
नदियों को जोड़ने वाले कार्यक्रम से न केवल तमिलनाडु बल्कि देश भर के किसान लाभान्वित होंगे।
चेन्नई, प्रेट्र। डीएमके के कार्यकारी अध्यक्ष एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नदी जोड़ो कार्यक्रम में हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। डीएमके नेता ने मंगलवार को कहा कि देश भर के किसानों को इसका लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा है कि इससे अंतरराज्यीय जल विवाद सहित कई मुद्दों का समाधान निकालने में भी मदद मिलेगी।
डीएमके कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा है कि नदी जोड़ने के कार्यक्रम को शीर्ष वरीयता दी जानी चाहिए और इसपर तेजी से काम होना चाहिए। तमिलनाडु में कुछ अंतरराज्यीय परियोजनाएं तैयार की गई हैं और केंद्र के पास विचाराधीन हैं। इन परियोजनाओं पर भी तेजी से काम करने की जरूरत है।
स्टालिन ने कहा है, 'यह राष्ट्र की, राष्ट्र के द्वारा राष्ट्र के लिए परियोजना होनी चाहिए। सफलतापूर्वक नदियों को जोड़ने वाले कार्यक्रम से न केवल तमिलनाडु बल्कि देश भर के किसान लाभान्वित होंगे। समाज के हर तबके को इसका अपरिमित लाभ मिलेगा।' इसके अलावा कई अंतरराज्यीय जल विवादों का समाधान निकालने में मदद मिलेगी। इससे राज्यों के बीच समन्वय बढ़ेगा। देश की एकता को बल मिलेगा और विकास एवं राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
अंतरराज्यीय जल विवाद के कारण तमिलनाडु में गंभीर स्थिति बनी हुई है। स्टालिन ने कर्नाटक के साथ कावेरी और केरल के साथ मुल्लापेरियार विवाद की ओर इशारा किया।
यह भी पढ़ें: इंद्राणी पहुंची कोर्ट, जेल कर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप