फेसबुक ने श्रीजात की विवादित कविता को वाल पर लौटाया
श्रीजात के फेसबुक वाल से कविता के हटाए जाने पर यह सवाल उठ रहा था कि संभवत: उन्होंने भयभीत होकर कविता को अपने वाल से हटा दिया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के जाने माने कवि श्रीजात बंद्योपाध्याय की विवादित कविता को फेसबुक ने क्षमा मांगते हुए उनकी फेसबुक वाल पर वापस लौटा दिया है। इससे पहले शनिवार को श्रीजात ने अपनी 12 पंक्तियों वाली कविता को फेसबुक अधिकारियों द्वारा हटाए जाने की बात कही थी। कवि ने कहा था कि फेसबुक प्रबंधन द्वारा शुक्रवार शाम उन्हें एक मेल प्राप्त हुआ जिसमें कहा गया था कि उक्त पोस्ट फेसबुक द्वारा निर्धारित कुछ नियमों पर खरा नहीं उतरता जिसके कारण इसे हटाया जा रहा है। पोस्ट की जगह पर 'हेट स्पीच' लिखा दिख रहा था। वहीं, रविवार को फेसबुक प्रबंधन ने एक मेल कर क्षमा मांगते हुए पुन: श्रीजात के फेसबुक वाल पर कविता को लौटा दिया।
उल्लेखनीय है कि श्रीजात के फेसबुक वाल से कविता के हटाए जाने पर यह सवाल उठ रहा था कि संभवत: उन्होंने भयभीत होकर कविता को अपने वाल से हटा दिया है। हालांकि कवि ने यह स्पष्ट किया था कि वह लिखने से बाज नहीं आएंगे, हार नहीं मानेंगे, उन्हें लिखने का मन किया इसलिए उन्होंने कविता के माध्यम से प्रतिवाद किया और आगे भी ऐसा करते रहेंगे। इस मुद्दे पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी श्रीजात का साथ देने की बात कही थी।
दरअसल पूरा मामला 19 मार्च को सामने आया था। श्रीजात ने इस दिन फेसबुक पर अपनी कविता 'अभिशाप' पोस्ट की थी। इसी दिन योगी आदित्यनाथ ने यूपी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण किया था। सिलीगुड़ी के एक छात्र ने श्रीजात पर कथित रूप से हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 'हिंदू संहति' नाम के एक संगठन के सदस्य छात्र ने अपनी शिकायत में कहा था कि श्रीजात की कविता खासकर इसकी अंतिम दो पंक्तियां हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करती हैं। पुलिस ने 22 मार्च को श्रीजात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस बीच कवि श्रीजात ने भी उनकी कविता को लेकर धमकी मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़ें: टाइम की 100 प्रभावशाली हस्तियों में प्रधानमंत्री मोदी का नाम शामिल