किसानों की मौत पर विधायक का विवादित बयान, कहा-'विधायकों की भी होती है मौत'
उन्होंने आगे कहा, हालांकि उन्हें किसानों के साथ पूरी सहानूभुति है जिन्होंने अपना सब कुछ खोकर अपनी जान गंवा दी।
सागर (एएनआई)। मध्यप्रदेश में किसानों की मौत पर विवाद गहराता ही जा रहा है। उस पर से विधायकों की विवादास्पद बयान इसे और भी विवादित बना रहे हैं। राज्य के पंचायत और ग्राम विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने शुक्रवार को किसानों की मौत को लेकर एक विवादित बयान दे दिया। भार्गव ने कहा कि विधायक भी हमेशा के लिए जीवित नहीं रहते हैं और किसी भी इंसान का मौत के उपर कोई नियंत्रण नहीं है।
उन्होंने कहा, विधायकों की भी मौत होती है। व्यापारी भी मरते हैं जब उन्हें नुक्सान होता है। छात्र भी परीक्षा में असफल होने पर मौत को गले लगा लेते हैं। पिछले चार सालों में 10 विधायकों की मौत हो चुकी है, मृत्यु को टाला नहीं जा सकता है। उन्होंने पूछा कि, क्या विधायक अमर होते हैं?
उन्होंने आगे कहा, हालांकि उन्हें किसानों के साथ पूरी सहानूभुति है जिन्होंने अपना सब कुछ खोकर अपनी जान गंवा दी। साथ उनके लिए भी मेरी सहानूभुति है जो अभी भी कर्ज के बोझ तले दबे हैं और खराब फसल उत्पादन से जूझ रहे हैं।
आपको बता दें कि, मध्यप्रदेश में हाल ही में किसानों के समूह ने सरकार से ऋण माफी, कृषि उपज की कीमतों और अन्य मांग की थी।
राज्य में इस साल हुए अप्रत्याशित बारिश और बर्फबारी से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे कम से कम 984 गांव प्रभावित हुए थे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को मुआवजा दिया जाएगा