जयललिता की अस्पताल से छुट्टी पर डॉक्टर करेंगे पर फैसला
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। अब अस्पताल से उनकी छुट्टी की तारीख पर डॉक्टरों को फैसला करना है।
चेन्नई, आइएएनएस/प्रेट्र। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। सत्तारूढ़ दल अन्नाद्रमुक ने कहा है कि अब अस्पताल से उनकी छुट्टी की तारीख पर डॉक्टरों को फैसला करना है।
पार्टी प्रवक्ता सीआर सरस्वती ने कहा कि हमारी नेता पूरी तरह से स्वस्थ हो रही हैं। वह लोगों के साथ बातचीत कर रही हैं। प्रवक्ता ने जयललिता के संकेतों से बातचीत करने की खबर को अफवाह बताया है। हालांकि अपोलो अस्पताल ने लगातार छठे दिन उनके स्वास्थ्य के बारे में कुछ नहीं बताया।
काला जादू की शिकार हुईं हैं जयललिता!
अंतिम स्वास्थ्य बुलेटिन 21 अक्टूबर को आया था। इसमें कहा गया था कि जयललिता का इलाज जारी है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। उधर, अस्पताल के बाहर और राज्यभर में अन्नाद्रमुक समर्थकों ने जयललिता के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थनाएं कीं। मुख्यमंत्री को 22 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रमुख हस्तियां पहुंचीं अस्पताल
इस बीच फिल्म निर्माता भारती राजा और गीतकार वैरामुथु ने गुरुवार को अस्पताल का दौरा किया और जयललिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। भारती राजा ने विश्वास जताया किया कि जयललिता स्वस्थ होकर लौटेंगी। वैरामुथु ने कहा कि वह दवा और अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के सहारे स्वस्थ होंगी। अभिनेत्री शीला ने कहा कि मुख्यमंत्री 'आयरन लेडी' हैं, वह जल्द स्वस्थ होकर आएंगी।