Move to Jagran APP

दिग्विजय सिंह ने मोदी को बताया झूठों का सरदार

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा और सपा पर जमकर हमला बोला। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को सबसे बड़ा झूठा बताते हुए कहा कि झूठ बोलने वालों के ओलंपिक में वह पहले स्थान पर आएंगे। उन्होंने अयोध्या में विवादित ढांचे को ढहाए जाने के लिए नरसिम्हा राव सरकार को भी दोषी मान

By Edited By: Published: Fri, 11 Apr 2014 09:16 PM (IST)Updated: Sat, 12 Apr 2014 07:18 AM (IST)
दिग्विजय सिंह ने मोदी को बताया झूठों का सरदार

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा और सपा पर जमकर हमला बोला। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को सबसे बड़ा झूठा बताते हुए कहा कि झूठ बोलने वालों के ओलंपिक में वह पहले स्थान पर आएंगे। उन्होंने अयोध्या में विवादित ढांचे को ढहाए जाने के लिए नरसिम्हा राव सरकार को भी दोषी माना और रक्षा न कर पाने के लिए माफी मांगी।

loksabha election banner

सिंह शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी बेगम नूरबानो के समर्थन में बाड़ा शाह सफा मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बेबाकी से कहा 2009 में यहां की जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी अजहरुद्दीन को विजयी बनाया, मगर वह जनता की सही खिदमत नहीं कर पाए। अब बेगम नूरबानो रामपुर निवासी होने की वजह से क्षेत्र का विकास करेंगी। ध्रुवीकरण की राजनीति से इतर उन्होंने सांप्रदायिक सौहार्द की राजनीति पर जोर दिया और कांग्रेस को इसकी हिमायती बताया। बोले कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हमेशा गंगा जमुनी तहजीब बरकरार रखने का काम किया है।

नरेंद्र मोदी को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उन्हें देश के भूगोल, इतिहास और संस्कृति का भी ज्ञान नहीं है, इसलिए वह अनर्गल जानकारी जनसभाओं में देते हैं। सरदार पटेल की अंत्येष्टि में उन्होंने नेहरू जी के न जाने की जानकारी दी, जबकि सब जानते हैं कि तत्कालीन प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति दोनों अंत्येष्टि में शामिल हुए थे। मोदी के झूठ बोलने का ताजा उदाहरण हाल ही में मिला है। पूर्व के चुनावों में वह शादी का कालम खाली छोड़ते आए, अब उन्होंने खुद को शादीशुदा होना स्वीकार कर लिया।

उन्होंने सपा-भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ बयान देती है तो सपा मुसलमानों के पक्ष में। दोनों मिलकर धर्म के नाम पर देश को बांटना चाहती हैं। उन्होंने आह्वान किया कि जाति-धर्म के नाम पर मतदान न कर प्रत्याशी को देखकर मतदान करें। इससे पूर्व सम्भल और नरौली में आयोजित जनसभाओं व प्रेसवार्ता में भी दिग्विजय सिंह ने मुलायम सिंह व नरेंद्र मोदी को घेरा और मुजफ्फरनगर कांड के लिए प्रदेश की सपा सरकार को दोषी ठहराया।

पढ़ें: मोदी को झूठा कहने पर मेरठ में हंगामा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.