धनतेरस की तिथि आज से, पर्व कल
धनतेरस की तिथि भले ही गुरुवार से लग रही हो, लेकिन पर्व शुक्रवार को ही मनाया जाएगा।
नई दिल्ली, (जागरण न्यूज नेटवर्क)। इस वर्ष धनतेरस की तिथि भले ही गुरुवार से लग रही हो, लेकिन पर्व शुक्रवार को ही मनाया जाएगा। अखिल भारतीय विद्वत परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कामेश्वर उपाध्याय कहते हैं, इस बार कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी 27 अक्टूबर शाम 5:12 से 28 अक्टूबर की शाम 6:17 बजे तक रहेगी। इसके बावजूद 28 को उदयकाल में त्रयोदशी मिलने व सायंकाल में त्रयोदशी की उपलब्धता के कारण धनतेरस का पर्व शुक्रवार को ही मनाया जाएगा। पूजन के लिए गोधूलि बेला व वृष लग्न शुभकाल हैं। ऐसे में 28 अक्टूबर को गोधूलि बेला शाम 5:45 बजे शुरू हो रही है। वृष लग्न का योग होने से रात 8:30 बजे तक पूजन का शुभ मुहूर्त है।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद के सदस्य व प्रख्यात ज्योतिषाचार्य प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय और लखनऊ के पंडित अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार भी धनतेरस 28 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय पंचांग के संपादक व पूर्व कुलपति डॉ. रामचंद्र झा और जालंधर के सुरेश पंडित की भी राय है कि 28 अक्टूबर को धन्वंतरि पूजा व धनतेरस है, क्योंकि शुक्रवार को सूर्योदय व सूर्यास्त दोनों ही त्रयोदशी तिथि में हैं।
दीपावली-धनतेरस में खरीदना है सोना? ...जानिए असली-नकली की पहचान