हर जख्म भर देगी दिल्ली की जीत : पंकजा
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिलने जा रही जीत कार्यकर्ताओं के हर जख्म को भर देगी। पहली महिला आइपीएस अफसर किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित कर देने से कार्यकर्ताओं की नाराजगी अब दूर हो गई है।
इलाहाबाद [जागरण संवाददाता]। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिलने जा रही जीत कार्यकर्ताओं के हर जख्म को भर देगी। पहली महिला आइपीएस अफसर किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित कर देने से कार्यकर्ताओं की नाराजगी अब दूर हो गई है।
यह बात भाजपा नेत्री एवं महाराष्ट्र की ग्राम विकास, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन व नरेगा मंत्री पंकजा मुंडे ने 'दैनिक जागरण' से कही। वह अपने पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की अस्थियां संगम में विसर्जित करने पहुंची थी।
महाराष्ट्र की कमान न मिलने पर बोलीं, उनका नाम समर्थकों ने उछाला था। वहां देवेंद्र फणनवीस के अलावा भी कई नाम इस योग्य थे, लेकिन जो पार्टी का निर्णय हुआ है वह हम सब को मान्य है, अब सब मिलकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के लिए वह अभी काफी जूनियर हैं।
शिवसेना के गठजोड़ पर कहा कि पार्टी ने यह तय किया कि जिनके खिलाफ लड़कर सत्ता के करीब आए हैं, उनके साथ हरगिज नहीं जाएंगे। शिवसेना हमारी पुरानी सहयोगी रही है, उसके साथ रहने में ही हमारी खुशी है।
संगम में आज प्रवाहित होंगी अस्थियां
पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की अस्थियां सोमवार सुबह नौ बजे संगम में प्रवाहित की जाएंगी। यह कार्य उनकी दो बेटियां महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे एवं सांसद प्रीतम मुंडे करेंगी। पंकजा ने अपने पिता के सवाल पर कहा कि उनकी मौत की जांच सीबीआइ कर रही है।
देश में मोदी की सरकार है इसलिए जो भी जांच रिपोर्ट आएगी वह एकदम ठीक होगी। वैसे वह अभी तक पिता के साथ हुई घटना को हादसा ही मानती हैं। बोलीं, मेरे पिता की किसी से दुश्मनी नहीं थी, इसलिए उन्हें कोई क्यों मारेगा। हां, यदि किसी की साजिश सामने आती है तो उन्हें बेहद दुख होगा।