दादरी कांड गलत, साजिश रचने वाले दंडित हों : शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है दादरी कांड गलत है, इसके साजिशकर्ताओं को दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विवादित भाजपा विधायक संगीत सोम को बिसाहड़ा गांव नहीं जाना था। एक चैनल से चर्चा में शाह ने कहा कि जिसने भी यह किया है, गलत किया।
नई दिल्ली । भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है दादरी कांड गलत है, इसके साजिशकर्ताओं को दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विवादित भाजपा विधायक संगीत सोम को बिसाहड़ा गांव नहीं जाना था। एक चैनल से चर्चा में शाह ने कहा कि जिसने भी यह किया है, गलत किया।
भाजपा अध्यक्ष ने एक निजी समाचार चैनल द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जो भी हुआ...यह गलत है। उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए और सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने हालांकि कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार या भाजपा को मुद्दे में नहीं घसीटना चाहिए क्योंकि यह कानून व्यवस्था का विषय है जो राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हत्या कहां हुई? यह (विधि व्यवस्था बनाए रखना) समाजवादी पार्टी की जिम्मेदारी है और बीजेपी इसका कैसे जवाब दे सकती है?’’ यह पूछे जाने पर कि घटनास्थल पर बीजेपी नेता क्यों गए जिसे भड़काउ कदम के तौर पर देखा गया, उन्होंने कहा, ‘‘दादरी पहले कौन गया? राहुल गांधी पहले गए। उनके बाद असादुद्दीन ओवैसी गए। फिर (अरविंद) केजरीवाल गए। बीजेपी की ओर से महेश शर्मा (केंद्रीय मंत्री) गए क्योंकि वह वहां के सांसद हैं, इसलिए यह उनकी जिम्मेदारी थी।’’
उल्लेखनीय है कि दादरी के पास बिसाहड़ा में 28 सितंबर को घर में गोमांस रखने की अफवाह के बाद 50 साल के इकलाख की हत्या कर दी गई थी।