Move to Jagran APP

कांग्रेस ने एक दशक तक चलाई थी लूट की सरकार: भाजपा

भूमि अधिग्रहण अध्यादेश पर लगातार दो दिनों तक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का हमला झेलने के बाद भाजपा ने भी उसी शैली में पलटवार किया है। पार्टी ने कहा है कि एक दशक तक लूट की सरकार चलाने वालों को हमसे सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है।

By Rajesh NiranjanEdited By: Published: Tue, 21 Apr 2015 12:27 PM (IST)Updated: Wed, 22 Apr 2015 12:24 AM (IST)

नई दिल्ली। भूमि अधिग्रहण अध्यादेश पर लगातार दो दिनों तक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का हमला झेलने के बाद भाजपा ने भी उसी शैली में पलटवार किया है। पार्टी ने कहा है कि एक दशक तक लूट की सरकार चलाने वालों को हमसे सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है।

loksabha election banner

रविवार को किसान रैली और सोमवार को संसद में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भूमि अधिग्रहण पर नरेंद्र मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा किया था। राहुल के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने मंगलवार को सरकार और संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं को एक साथ मैदान में उतार दिया।

सरकार की ओर से केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू और संगठन की ओर से पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर जमकर निशाना साधा। वेंकैया ने कहा कि संसद में भूमि अधिग्रहण बिल लाए जाने से पहले हमारे सांसद कांग्रेस को तथ्यों के आधार पर बेनकाब कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राजग सरकार व्यापक विचार-विमर्श के बाद ही यह अध्यादेश लेकर आई है। वेंकैया ने कहा कि खुद कांग्रेस पिछले 50 सालों में 456 अध्यादेश ला चुकी है।

वेंकैया ने कहा कि भूमि अधिग्रहण अध्यादेश पर कांग्रेस जनता को गुमराह करने में लगी हुई है। कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे पर अध्यादेश लाने की आलोचना करना किसी शैतान द्वारा प्रवचन करने जैसा है। उन्होंने कहा हम पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाने से पहले आपातकाल के बारे में क्यों नहीं सोचते, जब लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया था। शायद आप अपना अतीत भूल गए हैं। वेंकैया ने कहा कि हमारी आलोचना से पहले आप कुछ होमवर्क कर लीजिए। आपका रवैया ठीक वैसा ही है, जैसे कि कोई अनगिनत पाप करने के बाद तीर्थयात्रा करने के लिए चला जाता है।

विकास के गुजरात मॉडल की कांग्रेसी आलोचना पर वेंकैया ने कहा कि आपकी खुद की सरकार ने डीआईपीपी से सर्वे कराया था, जिसने गुजरात मॉडल को सर्वश्रेष्ठ बताया था। यह डीआईपीपी रिपोर्ट 2014 के चुनाव से पहले की है।' वेंकैया ने इसी रिपोर्ट के आधार पर सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया, जिसमें गुजरात की जमीन नीति को सर्वश्रेष्ठ कहा गया था।

वहीं भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि लिखे-लिखाए भाषण और बनावटी गुस्से से राहुल गांधी किसान नेता नहीं बन पाएंगे। उन्होंने मनमोहन सिंह व सोनिया गांधी पर लूट और सूटकेस की सरकार चलाने का आरोप लगाया। पात्रा ने 11 साल में तीन बार संसद में मुंह खोलने के लिए राहुल गांधी का मजाक उड़ाया और कांग्रेस को बधाई तक दे डाली। उन्होंने कहा कि राहुल की इस उपलब्धि से कांग्रेस खुश हो सकती है। हालांकि, यह खुशी क्षणिक भी हो सकती है, क्योंकि वे जल्द ही गायब हो सकते हैं। सच को झूठ बनाने की कोशिश

संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस सच को झूठ बनाने के काम में जी जान से जुटी है। उन्होंने केंद्र का पक्ष आगे रखते हुए कहा कि हमारी सरकार किसानों के विकास के लिए काम कर रही है।

सूट-बूट का जवाब सूटकेस से

राहुल द्वारा केंद्र की मोदी सरकार को सूट-बूट की सरकार बताए जाने का भी भाजपा ने उसी शैली में जवाब दिया। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस शासन में फैले भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हुए कहा कि कम-से-कम यह सूटकेस सरकार तो नहीं है।

विपक्ष के रंगीन चश्मे

केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने देश को लूटा, वे अब किसानों के हितों के लिए ख़़डे होने की कोशिश कर रहे हैं। विपक्षी पार्टी सिर्फ वही देख पा रही है जो वह 'रंगीन चश्मों' से देखना चाह रही है।

यह भी पढ़ें : 'फॉरेन रिटर्न' राहुल ने पीएम मोदी को दी सलाह

यह भी पढ़ें : हंगामे के बीच फिर पेश हआ भूमि अधिग्रहण अध्यादेश


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.