संसद से पूंजीपतियों को बाहर फेंके जनता : कुरैशी
मिजोरम के राज्यपाल डॉ.अजीज कुरैशी ने देश के राजनीतिक हालातों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश की संसद पर पूंजीपतियों का कब्जा है। चार-पांच सौ करोड़पति व अरबपति संसद पहुंच गए। ऐसी संसद महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू के सपनों को साकार नहीं कर सकती। देश की जनता
जागरण संवाददाता, हरदोई। मिजोरम के राज्यपाल डॉ.अजीज कुरैशी ने देश के राजनीतिक हालातों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश की संसद पर पूंजीपतियों का कब्जा है। चार-पांच सौ करोड़पति व अरबपति संसद पहुंच गए। ऐसी संसद महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू के सपनों को साकार नहीं कर सकती। देश की जनता को चाहिए कि ऐसे सांसदों को उखाड़ फेंके।
जब आम जनता के लोग संसद पहुंचेंगे तभी देश का विकास होगा। डॉ. कुरैशी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि महात्मा गांधी ने तो आजादी के बाद ही कांग्रेस को समाप्त कर देने की बात कही थी, अगर ऐसा होता तो कांग्रेसियों की पूजा होती। उन्होंने कहा, कांग्रेस पहले एक मंदिर थी, लेकिन अब इसमें अवसरवादी लोग आ गए हैं। कभी कांग्रेस में त्याग व बलिदान के लिए लोग आते थे लेकिन अब परिवार और पूंजी के लिए आ रहे हैं।
लखनऊ जाते समय शाहाबाद कस्बे में पत्रकारों से मुखातिब कुरैशी ने कहा कि विदेश नीति, शिक्षा नीति आदि सैद्धांतिक नीतियों के आधार पर विकास के कार्यक्रमों में बिना किसी राजनीति के सहयोग देना चाहिए। आतंकवाद और सांप्रदायिकता के विरुद्ध एकजुट होकर इसे उखाड़ कर फेंक देना चाहिए।
पाकिस्तान इस्लाम विरोधी मुल्क
इससे पहले फतेहगढ़ में कुरैशी ने पाकिस्तान को इस्लाम विरोधी मुल्क करार दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण चुनाव का श्रेय भारत के सुरक्षा बलों व अधिकारियों को दिया जाना चाहिए, न कि पाकिस्तान परस्त आतंकियों को।
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और नगर विकास मंत्री आजम खां के बीच की कड़वाहट पर कहा कि दोनों को मिल बैठकर मतभेद सुलझाने चाहिए। राम नाईक मंझे हुए राजनेता रहे हैं और आजम खां भी कायदे मिल्लत व मुखलिस नेता हैं। मैं दोनों की इज्जत करता हूं।