सीएम नीतीश कुमार को बम से उड़ाने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
बिहार के मुख्यमंत्री (सीएम) नीतीश कुमार को बम से उड़ा देने की धमकी दी गई। धमकी देने वाले को पुलिस ने मधुबनी से गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री (सीएम) नीतीश कुमार को बम से उड़ा देने की धमकी दी गई। धमकी देने वाले को पुलिस ने मधुबनी से गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह 07.55 बजे एक मीडियाकर्मी अजय कुमार के मोबाइल पर मैसेज आया कि 27 नवंबर को रात 12 बजे मुख्यमंत्री को बम विस्फोट से उड़ा दिया जाएगा। मीडियाकर्मी ने इसकी जानकारी एसएसपी विकास वैभव को दी।
एसएसपी ने तत्काल मामले की जांच सिटी एसपी चंदन कुशवाहा को सौंप दिया। इस संबंध में पुलिस ने एसके पुरी थाना में एफआइआर दर्ज करा अनुसंधान आरंभ किया। धमकी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर मधुबनी के अजय चौधरी का निकला। पुलिस ने देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। इस बीच मुख्यमंत्री की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
_____________
जानिए, कौन है आरोपी अजय कुमार चौधरी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला अजय कुमार चौधरी आज शाम मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में अपने ननिहाल से गिरफ्तार किया गया। अजय को पुलिस रिमांड पर पटना ले जाने की तैयारी में है।
अजय का पैतृक घर मधुबनी जिले के ही पंडौल प्रखंड अंतर्गत सरहद गांव है। उसका पिता साइकिल मिस्त्री है। वह दिहाड़ी पर मजदूरी भी करता है।
अजय कुमार चौधरी दो भाइयों में छोटा है। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ा बताया जा रहा है।