7 अगस्त को होगी सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा
इस साल सिविल सेवा परीक्षाएं 7 अगस्त से प्रारंभ होंगी। संघलोक सेवा आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी जानकारी। आवेदन की अन्तिम तिथि 27 मई है।
नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा (सीएसई) और भारतीय वन सेवा (आइएफएस) परीक्षा, 2016 की अधिसूचना जारी कर दी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 मई है।
यूपीएससी भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा आदि सेवाओं के वास्ते उम्मीदवारों के चयन के लिए हर साल तीन चरणों में परीक्षा का आयोजन करता है। इसमें प्रारंभिक (प्री) परीक्षा, मुख्य (मेन) परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हैं।
यह भी पढ़ें - सिविल सेवा परीक्षा के लिए महिलाओं को किया प्रोत्साहित
नोटिफिकेशन के मुताबिक, इस साल प्रारंभिक परीक्षा सात अगस्त, 2016 को होगी। इस बार कुल रिक्तियों की संख्या 1079 बताई गई है। नोटिफिकेशन के अनुसार, सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी के लिए अधिकतम उम्र सीमा 32 साल है। ओबीसी और एससी/एसटी के लिए उम्र में क्रमश: तीन और पांच साल की छूट दी गई है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी के लिए अधिकतम प्रयासों की संख्या छह ही रखी गई है।
आयु की गणना 1 अगस्त, 2016 से की जाएगी। सीएसई में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का स्नातक होना जरूरी है। आइएफएस के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से पशुपालन, जियोलॉजी, गणित, भौतिकी, सांख्यिकी व जूलॉजी, कृषि, फॉरेस्ट्री और इंजीनियरिंग में से किसी एक में स्नातक होना जरूरी है।