बेमियादी हड़ताल पर जाएंगे सिने कर्मचारी
मायानगरी में काम करने वाले सिने कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज ने कहा कि अगर निर्माता दैनिक भत्ता बढ़ाने की उनकी मांग नहीं मानेंगे तो सभी कर्मचारी छह मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
मुंबई। मायानगरी में काम करने वाले सिने कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज ने कहा कि अगर निर्माता दैनिक भत्ता बढ़ाने की उनकी मांग नहीं मानेंगे तो सभी कर्मचारी छह मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
फेडरेशन के प्रेसीडेंट कमलेश पांडे ने कहा कि अगर निर्माता उनकी बातें नहीं मानेंगे, तो कर्मचारी भी सहयोग नहीं करेंगे। उन्होंने बताया, 'हर पांच साल में फेडरेशन द्वारा तैयार समझौते का नवीनीकरण किया जाता है।
पिछला समझौता 28 फरवरी को समाप्त होने के बाद मार्च में नया मसौदा फिल्म व टीवी निर्माताओं को भेज दिया गया था लेकिन उन्होंने इस पर कोई गौर नहीं किया।'
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के पास इस स्थिति में कोई विकल्प शेष नहीं है। कर्मचारी निर्माताओं से चर्चा करना चाहते हैं लेकिन निर्माता नए मसौदे पर बात करने के लिए भी तैयार नहीं हैं।