चीन बनाएगा क्लोन जानवर, इन्हें दुनिया भर में बेचेगा भी
चीन में जानवरों का क्लोन तैयार करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा कारखाना तैयार हो रहा है। अगले साल इसमें उत्पादन शुरू हो जाने की उम्मीद है। इसमें कुत्ते, घोड़े और गोवंश वाले पशुओं को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई दिल्ली। चीन में जानवरों का क्लोन तैयार करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा कारखाना तैयार हो रहा है। अगले साल इसमें उत्पादन शुरू हो जाने की उम्मीद है। इसमें कुत्ते, घोड़े और गोवंश वाले पशुओं को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इरादा यह है कि इसमें ऐसे पुलिस डॉग, रेस वाले घोड़े और गायें तैयार की जाएं जिन्हें दूसरे देशों में बेचने में दिक्कत न हों। गोवंश वाले जानवरों की मांग चीन में भी काफी ज्यादा है। न सिर्फ दूध बल्कि मांस की मांग भी पूरी नहीं हो पा रही है। इस कारखाने का असली उद्देश्य इसे पूरा करना ही है।
पढ़ेंः एनडीआरआइ में पैदा हुई एक और क्लोन कटड़ी
चीनी बायोटेक्नोलॉजी कंपनी बोयालाइफ यह कारखाना लगा रही है। इस पर 20 अरब रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें दक्षिण कोरिया की सूआम बायोटेक भी सहयोगी है। इसके कर्ताधर्ता हुवांग वू-सुक हैं। वे विवादास्पद भी रहे हैं। हुवांग ने 2004 में दावा किया था कि उन्होंने क्लोन किए गए मानव भ्रूण से स्टेम सेल निकाले हैं। उस वक्त इस तरह का प्रयोग दुनिया में पहला माना गया था। तब वे दक्षिण कोरिया के हीरो बन गए थे। बाद में यह दावा झूठा पाया गया।
पढ़ेंःटेस्ट ट्यूब बेबी की तर्ज पर पैदा होगा आलू
सूआम की वेबसाइट में संभावित ग्राहकों को सलाह दी गई है कि अगर उनके किसी पालतू कुत्ते की मौत हो गई है और उसका वे क्लोन बनवाना चाहते हैं तो क्या करें। वैसे, दोनों कंपनियों ने मिलकर तिब्बती कुत्ते का क्लोन बनाने का दावा भी किया है।
सोशल मीडिया पर चुहलबाजी
इस तरह का कारखाना बनने की खबरों पर सोशल मीडिया में टिप्पणियां भी खूब की जा रही हैं। खास तौर से इसके सुरक्षित होने पर चिंता जताई जा रही है। कुछ लोगों ने तो यहां तक लिखा है कि इसके मांस पहले दस वर्षों तक नेताओं और उनके परिवार वालों को खिलाए जाने चाहिए। उन्हें कुछ न हुआ तो फिर इसे बाजार में लाना चाहिए।