सिंगूर में किसानों को भूमि लौटाना शुरू करेंगी सीएम ममता बनर्जी
ममता बनर्जी गुरुवार को सिंगुर में किसानों को भूमि लौटाने की प्रक्रिया शुरू करेंगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को सिंगुर में किसानों को भूमि लौटाने की प्रक्रिया शुरू करेंगी। मुख्यमंत्री संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वयं सिंगुर में उपस्थित होंगी और आधिकारिक रूप से किसानों को भूमि का वितरण करेंगी। इसके बाद किसानों को भूमि लौटाने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
शुक्रवार को राज्य के वित्त मंत्री अमित मित्रा सिंगुर जाएंगे और किसानों को आधिकारिक रूप से भूमि का वितरण करेंगे। निर्धारित समय सीमा 10 सप्ताह में भूमि वितरण का कार्य संपन्न हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सिंगुर के किसानों को भूमि लौटाने को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने सिंगुर में भूमि की स्थिति पर मुख्यमंत्री को एक रिपोर्ट सौंपी और कहा कि 80 फीसद भूमि को समतल बनाने का काम संपन्न हुआ है। सिंगुर में भूमि को समतल बनाने और उसे कृषि योग्य करने की जिम्मेदारी पार्थ चटर्जी को सौंपी गई थी। तय हुआ कि 80 फीसद जो भूमि कृषि योग्य बना ली गई है उसे किसानों को लौटाने की प्रक्रिया मुख्यमंत्री गुरुवार को शुरू कर देंगी।