शराब ठेकों की नीलामी मामले में कलेक्टर समेत अफसरों पर केस दर्ज
एमपी के कटनी में शराब ठेकों की नीलामी में ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के मामले में लोकायुक्त पुलिस कुछ अफसरों पर ने केस दर्ज किया है।
जबलपुर, (नई दुनिया)। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने कटनी कलेक्टर प्रकाश जांगरे और जिला आबकारी अधिकारी (डीईओ) आरसी त्रिवेदी समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। कलेक्टर जांगरे और डीओ त्रिवेदी पर आरोप है कि 2016-17 के लिए कटनी जिले में शराब ठेकों की नीलामी में कुछ ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए बिना अर्नेस्ट मनी के शराब ठेके शुरू करा दिए थे। इससे शासन को छह करोड़ का आर्थिक नुकसान हुआ है।
कलेक्टर के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के पीछे लोकायुक्त पुलिस का तर्क है कि किसी भी शराब नीलामी प्रक्रिया में कलेक्टर लाइसेंस अथॉरिटी होता है। 2106-17 में जो गड़बड़ी कटनी जिले में हुई उसमें कलेक्टर जांगरे ने बिना तफ्तीश किए ठेके की प्रक्रिया शुरू करवा दी थी। इससे उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई है। लिहाजा उनके खिलाफ पद का दु्ररुपयोग और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इसके अलावा आबकारी अधिकारी आरसी त्रिवेदी और आबकारी ठेका प्रभारी बद्रीप्रसाद शुक्ला समेत अन्य के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे एकनाथ खडसे को लोकायुक्त से मिली क्लीन चिट