कंबोडिया के पीएम ने बाइक चलाते वक्त नहीं पहना हेलमेट, लगा जुर्माना
कंबोडिया के पीएम पर बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने के कारण जुर्माना लगाया है। उन्होंने थाने में पहुंचकर 15 हजार रियाल (करीब 255 रुपये) जुर्माना भरा।
नोम पेन्ह, (एपी) मोटरसाइकिल चलाते वक्त हेलमेट नहीं पहनने के कारण कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन को जुर्माना भरना पड़ा है। उन्होंने शुक्रवार को राजधानी नोम पेन्ह के एक थाने में पहुंचकर 15 हजार रियाल (करीब 255 रुपये) जुर्माना भरा। एक यातायात पुलिस ने 18 जून को कोन्ह कोंग प्रांत में नियमों का उल्लंघन करने पर उनका चालान काटा था। इस घटना के लिए पिछले सप्ताह फेसबुक पर उन्होंने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी थी।
हुन सेन ने कहा था कि उनका मोटरसाइकिल चलाने का कोई इरादा नहीं था। यात्रा के दौरान वह अपनी कार से उतरकर एक मोटर टैक्सी चालक के पास गए और फिर कुछ दूरी तक बिना हेलमेट पहने उसकी गाड़ी चलाई थी। तीन दशक से ज्यादा समय से सत्ता में काबिज हुन सेन सख्त और चालाक राजनेता माने जाते हैं। जुर्माना भरने के बाद उन्होंने चालान काटने वाले पुलिसकर्मी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसे एक उदाहरण की तरह लिया जाना चाहिए। यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने इस तरह का सदाचार दिखाया है। हाल के वर्षो में उन्होंने अपनी छवि लोगों को धूम्रपान छोड़ने के लिए प्रेरित करने वाले शख्स की बनाई है।
कंबोडिया में पीएम फेसबुक पर लोगों की समस्याएं सुन करते हैं समाधान