गुजरात में नदी में गिरी बस, 37 यात्रियों की मौत
गुजरात के नवसारी जिले से उकाई जा रही राज्य परिवहन निगम की बस 20 फुट ऊंचे पुल से पूर्णा नदी में गिर गई।
अहमदाबाद। गुजरात के नवसारी जिले से उकाई जा रही राज्य परिवहन निगम की बस 20 फुट ऊंचे पुल से पूर्णा नदी में गिर गई। इस हादसे में बस चालक और कंडक्टर सहित 37 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
24 यात्री घायल हो गए। कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर है। मरनेवालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बस में 65 से अधिक यात्री सवार थे। इस बस से आमतौर पर मजदूरों का आना-जाना लगा रहता है।
मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने घायलों के उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार को उठाने का आदेश दिया।
ये भी पढ़ें- सड़क दुर्घटना मे एक पैर गंवाया, अस्पताल मे भर्ती
नवसारी के एसपी एमएस भरदा ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि परिवहन निगम की यह बस शाम साढ़े पांच बजे पुल पर पहुंची थी। उसी समय बाइक चालक को बचाने में ड्राइवर अनियंत्रित हो गया।
इससे रैलिंग को तोड़ते हुए बस पानी में गिर गयी। आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। नदी में कीचड़ अधिक होने से बचाव कार्य में बाधा आ रही है।