बस खाई में गिरी, 20 यात्रियों की मौत
किन्नौर जिला में नाथपा के निकट मंगलवार दोपहर बाद एक निजी बस के खाई में गिरने से 20 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए जिनमें से छह की हालत गंभीर है। निजी बस फ्रेंड्स कोच रिकांगपिओ से रामपुर के लिए आ रही थी।
जागरण टीम, रामपुर/शिमला : किन्नौर जिला में नाथपा के निकट मंगलवार दोपहर बाद एक निजी बस के खाई में गिरने से 20 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए जिनमें से छह की हालत गंभीर है।
निजी बस फ्रेंड्स कोच रिकांगपिओ से रामपुर के लिए आ रही थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बस नाथपा डैम के पास पहुंची तो खाई में जा गिरी। बस में चालक व परिचालक समेत 33 लोग सवार थे। इनमें से 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा। आठ घायलों को भावानगर अस्पताल ले जाया गया। वहां एक्सरे की सुविधा नहीं थी। दो घायलों को एक्सरे के लिए निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था मगर उन्होंने रास्ते में दाम तोड़ दिया। मृतकों में बस का परिचालक शामिल है जबकि चालक घायल हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस व प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंची। कई लोगों के शव पहाड़ी पर बिखर गए। कुछ लोगों को बस के मलबे के नीचे से निकाला गया। पुलिस ने लोगों के साथ मिलकर घायलों को भावानगर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को भावानगर में प्राथमिक उपचार के बाद आइजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। बस में सवार लोगों के अनुसार चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। वह जैसे ही नाथपा डैम के पास एक गाड़ी से ओवरटेक करने लगा कि अचानक बस अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए।
वहीं, अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। लोग अपने सगे संबंधियों का हाल जानने पहुंचे। पुलिस के अनुसार मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। फौरी राहत के तौर पर मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये व घायलों को 15-15 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। इससे पहले चंबा व कुल्लू में भी इसी तरह बस हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं। कुछ दिन पहले पार्वती नदी में श्रद्घालुओं से भरी बस गिर गई थी। सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद हादसे रुक नहीं रहे हैं।
दुर्घटना की न्यायिक जांच का आदेश
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने शोक जताया
राज्यपाल आचार्य देवव्रत व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को राहत मैनुअल के अनुरूप तुरंत राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दुर्घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच एसडीएम भावानगर नीलम दुलटा द्वारा की जाएगी। विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बस दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है।