भारतीय जनता पार्टी ने कहा, विधानसभा चुनाव नतीजों का संकेत है बीएमसी
ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने इसे सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के चुनाव का संकेत बताया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली : बीएमसी चुनाव में अभूतपूर्व नतीजों से उत्साहित भाजपा ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के नतीजे भी इसी दिशा में आएंगे। पार्टी ने इसे नोटबंदी के फैसले की भी जीत बताई।
बीएमसी चुनाव के नतीजे में भाजपा शिवसेना और कांग्रेस दोनों के लिए सबक देखती है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शिवसेना पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग कहते थे कि अकेले भाजपा में ताकत नहीं है, उन्हें जनता से जवाब दे दिया है। जबकि कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में देश ने एक और कदम बढ़ा दिया है।
वहीं ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने इसे सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के चुनाव का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ है। मोदी सरकार के कामकाज को लोगों ने सराहा है और भाजपा इसी तरह विधानसभा चुनावों में भी अभूतपूर्व सफलता हासिल करेगी।
यह भी पढ़ें: बीएमसी चुनावः भाजपा की एकला चलो की रणनीति सफल, जानिए अब क्या होगा
यह भी पढ़ें: BMC चुनावः शिवसेना से मात्र 2 सीट पीछे भाजपा, पंकजा ने दिया इस्तीफा