ओडिशा, महाराष्ट्र के स्थानीय चुनाव में जीत का देशभर में जश्न मनाएगी भाजपा
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान इसका श्रेय प्रधानमंत्री की ओर शुरू की गई विभिन्न योजनाओं को देते हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। ओडिशा और महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में ऐतिहासिक जीत का जश्न भाजपा पूरे देश में मनाने जा रही है। इसके लिए शनिवार को भाजपा के सभी जिला मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जाहिर है कि अहम मोड़ पर पहुंचे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व विजय दिवस का समारोह कर पार्टी अपने कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरना चाहती है।
ओडिशा और महाराष्ट्र के स्थानीय चुनावों में जीत से साफ हो गया है कि भाजपा देश की आर्थिक राजधानी से लेकर सबसे पिछड़े जिले कालाहांडी तक में लोगों की पहली पसंद बन कर उभरी है। ओडिशा से आने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान इसका श्रेय प्रधानमंत्री की ओर शुरू की गई विभिन्न योजनाओं को देते हैं। मुद्रा, जनधन, फसल बीमा और उज्जवला जैसी योजनाओं से शहरी मध्यम व निम्न वर्ग लेकर गांव के गरीब किसानों और मजदूरों को भी लाभ मिल रहा है। इसी कारण लोग भाजपा की ओर अब और अधिक उम्मीद से देख रहे हैं।
धर्मेद्र प्रधान के अनुसार ओडिशा और महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम ने नोटबंदी पर मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष के दुष्प्रचार की हवा निकाल दी है। विपक्ष इसे बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश में लगा था। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों ने संसद का पूरा शीतकालीन सत्र नहीं चलने दिया था। लेकिन चुनाव परिणाम से साफ है कि आम जनता ने मोदी सरकार के इस फैसले पर पूरा भरोसा जताया है। तमाम तकलीफों के बावजूद भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ उनके अभियान को समर्थन दिया है।
यह भी पढ़ें: सरहद पार रची गई कानपुर ट्रेन हादसे की साजिश: नरेंद्र मोदी