निकाय चुनाव: सबसे ज्यादा भाजपा के उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले
चुनावों में पार्टियों ने महिलाओं पर भी पूरा भरोसा जताया है। कुल 1223 उम्मीदवारों में से 544 यानि 45 फीसद महिलाएं हैं। वहीं 678 यानि 55 फीसद उम्मीदवार पुरुष हैं।
मुंबई, जेएनएन। सबसे ज्यादा आपराधिक मामलों में लिप्त उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर पनवेल, भिवंडी-निजामपुर और मालेगांव में स्थानीय निकाय चुनावों से लड़ रहे हैं। सबसे धनी उम्मीदवार पनवेल नगर निगम के लिए चुनाव लड़ रहे भाजपा के परेश राम ठाकुर हैं।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स और महाराष्ट्र चुनाव वॉच द्वारा किए गए शपथ पत्रों के विश्लेषण के अनुसार, 190 बीजेपी उम्मीदवारों में से 27 ने स्वयं पर गंभीर आपराधिक मामले होने की जानकारी दी है। गंभीर अपराधों की श्रेणी में हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, बलात्कार, डकैती, जालसाजी और धोखाधड़ी जैसे मामले आते हैं।
बीजेपी के बाद इस लिस्ट में दूसरा नाम कांग्रेस पार्टी का है, जिसके 25 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 14, शिवसेना के 13, बीएसकेपी के 12 और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के छह उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले हैं।
एडीआर ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि उन्होंने निकाय चुनाव लड़ रहे कुल 1250 उम्मीदवारों में से 1223 के शपथपत्रों का विश्लेषण किया है। इनमें से 195 उम्मीदवारों ने घोषित किया है कि उन पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। वहीं इनमें से 141 पर गंभीर आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है।
वहीं इन उम्मीदवारों की संपत्ति की बात करें, तो चार उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति जीरो घोषित की है। 263 उम्मीदवारों की चल और अचल संपत्ति तीन लाख रुपये से कम है। सबसे धनी उम्मीदवार पनवेल नगर निगम के लिए चुनाव लड़ रहे भाजपा के परेश राम ठाकुर हैं, जिन्होंने अपनी कुल संपत्ति 95 करोड़ रुपये घोषित की है।
इन चुनावों में पार्टियों ने महिलाओं पर भी पूरा भरोसा जताया है। कुल 1223 उम्मीदवारों में से 544 यानि 45 फीसद महिलाएं हैं। वहीं 678 यानि 55 फीसद उम्मीदवार पुरुष हैं।
इसे भी पढ़ें: योगी बोले, ...तो पश्चिम बंगाल, पंजाब और कश्मीर होते पाकिस्तान के कब्जे में