भाजपा ने 'विजन डॉक्यूमेंट' में पूर्वोत्तर के लोगों को 'प्रवासी' लिखने की गलती सुधारी
दिल्ली विधानसा चुनाव के लिए जारी किए गए 'विजन डॉक्यूमेंट' में पूर्वोत्तर के लोगों को 'प्रवासी' लिखने पर भारतीय जनता पार्टी ने माफी मांग ली है। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने इसे अनचाही गलती बताया।
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसा चुनाव के लिए जारी किए गए 'विजन डॉक्यूमेंट' में पूर्वोत्तर के लोगों को 'प्रवासी' लिखे जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने खेद प्रकट किया है। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने इसे अनचाही गलती करार दिया है।
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि यह असावधानीवश हुई गलती थी, जिसे सुधार लिया गया है। हमने विजन डॉक्यूमेंट के उस पन्ने को फिर से छपवाया है जिसमें पूर्वोत्तर के लोगों को प्रवासी लिखा गया था।
उधर, गोवाहाटी में कांग्रेस ने विजन डॉक्यूमेंट में पूर्वोत्तर के लोगों को प्रवासी कहने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में बैनर थे, जिनपर लिखा हुआ था कि पूर्वोत्तर के लोगों के लिए अपनी मानसिकता बदलें। हालांकि अब भाजपा ने इस गलती को स्वीकार कर लिया है, तो विवाद थम सकता है।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को जारी भारतीय जनता पार्टी के विजन डॉक्यूमेंट में राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले पूर्वोत्तर के लोगों के लिए 'प्रवासी' (इमिग्रेंट्स) लिखे जाने से विवाद खड़ा हो गया था।कांग्रेस ने बीजेपी से माफी मांगने और शब्दों को हटाने की मांग की थी।
विजन डॉक्यूमेंट में एक जगह पर लिखा था, 'पूर्वोत्तर के प्रवासियों (इमिग्रेंट्स फ्रॉम नॉर्थ-ईस्ट) को संरक्षण प्रदान किया जाएगा। इसमें पूर्वोत्तर के 'प्रवासियों' के संरक्षण के लिए सभी थानों में विशेष प्रकोष्ठ और 24 घंटे का हेल्पलाइन नंबर देने की बात की गई है।'
इसे भी पढ़ें:भाजपा के पास दिल्ली में विकास का एजेंडा नहीं: केजरीवाल