बिसाहड़ा कांड: FIR दर्ज हुई तो नेताओं की होगी मुसीबत
बिसाहड़ा कांड में राजनीतिक हित साधने वाले नेताओं के खिलाफ यदि एफआइआर दर्ज हुई तो उनकी मुसीबत हो सकती है। मंगलवार शाम नेताओं के खिलाफ एफआइआर दर्ज होने की अफवाह उड़ी, हालांकि पुलिस के आला अधिकारियों ने इससे साफ इन्कार किया है।
जासं, ग्रेटर नोएडा। बिसाहड़ा कांड में राजनीतिक हित साधने वाले नेताओं के खिलाफ यदि एफआइआर दर्ज हुई तो उनकी मुसीबत हो सकती है। मंगलवार शाम नेताओं के खिलाफ एफआइआर दर्ज होने की अफवाह उड़ी, हालांकि पुलिस के आला अधिकारियों ने इससे साफ इन्कार किया है।
बिसाहड़ा गांव में 28 सितंबर को इकलाख की मौत के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया। विभिन्न दलों के नेताओं ने गांव में जाकर बयानबाजी की। कई नेता भड़काऊ बयान भी दे गए।
भाजपा विधायक संगीत सोम ने सभा कर प्रदेश सरकार पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि यदि पुलिस अब कोई गिरफ्तारी करेगी तो एक लाख आदमी प्रशासन पर चढ़ा दिए जाएंगे।
डा. महेश शर्मा ने सभा कर लोगों को संबोधित किया था। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई अन्य नेता बिसाहड़ा आ चुके हैं। जबकि जिले में धारा 144 लगी हुई है।
एसपी देहात संजय सिंह का कहना है कि मामले में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है। नेताओं के बयान और भाषण की जांच की जिम्मेदारी एलआइयू को सौंपी गई है।