दफ्तरों में अब नहीं चलेगी लेटलतीफी
एनडीए सरकार ने शासन शैली में व्यापक बदलाव लाने के लिए अनूठी पहल की है। केंद्रीय कर्मियों की हाजिरी को ऑनलाइन कर दिया गया है। अब कोई भी घर बैठे केंद्रीय सरकार के आफिसों में कार्यरत लोगों की मौजूदगी के बारे में जान सकता है। बॉयोमीट्रिक्स आधारित हाजिरी दर्ज करने की नायाब प्रणाली पर केंद्र सर
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। एनडीए सरकार ने शासन शैली में व्यापक बदलाव लाने के लिए अनूठी पहल की है। केंद्रीय कर्मियों की हाजिरी को ऑनलाइन कर दिया गया है। अब कोई भी घर बैठे केंद्रीय सरकार के आफिसों में कार्यरत लोगों की मौजूदगी के बारे में जान सकता है।
बॉयोमीट्रिक्स आधारित हाजिरी दर्ज करने की नायाब प्रणाली पर केंद्र सरकार के 148 विभागों के 50 हजार से अधिक कर्मचारियों का ब्यौरा मौजूद है। कोई भी व्यक्ति अटेन्डन्स.जीओवी.आइएन पर देख सकता है कि किस विभाग में कितने कर्मचारी हाजिर हैं और कितने छुट्टी पर हैं। यही नहीं आफिस से उनके आने - जाने का समय भी जाना जा सकेगा। यह सब ब्यौरा भी वेबसाइट पर मौजूद मिलेगा।
इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रामसेवक शर्मा का कहना है कि बॉयोमीट्रिक्स आधारित यह हाजिरी प्रणाली इस महीने के अंत से पूरी तरह चालू हो जाएगी। फिलहाल इस प्रणाली का ट्रॉयल चल रहा है। प्रत्येक विभाग में जगह-जगह बॉयोमीट्रिक मशीनें लगाई गई हैं जहां कर्मचारी अंगूठा या अगुंली की छाप लगाकर अपनी हाजिरी लगाते हैं। यह मशीन इसी छाप के आधार पर कर्मचारी संख्या और उनके आधार नंबर के जरिये पहचान कर हाजिरी ऑनलाइन चढ़ा देती है।
फिलहाल यह हाजिरी प्रणाली राजधानी दिल्ली में तैनात केंद्रीय कर्मियों के लिए लागू की गई है। आगे चलकर इसका विस्तार देश के अन्य भागों में तैनात केंद्रीय कर्मियों के लिए भी किया जाएगा।
अब तक 50 हजार से अधिक कर्मचारी इस वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा चुके हैं। माना जा रहा है कि इस महीने के अंत तक करीब 10 हजार और कर्मचारी जुड़ जाएंगे। इस वेबसाइट पर अब तक 148 विभाग भी पंजीकृत हो चुके है।