बिहार की उद्योग मंत्री रेणु कुशवाहा ने दिया इस्तीफा
जदयू में टिकट बंटवारे और समर्पित कार्यकताओं की उपेक्षा से नाराज उद्योग एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रेणु कुशवाहा ने सोमवार को नीतीश कुमार की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्हें मनाने की कोशिशों में जुट गए।
जागरण ब्यूरो, पटना। जदयू में टिकट बंटवारे और समर्पित कार्यकताओं की उपेक्षा से नाराज उद्योग एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रेणु कुशवाहा ने सोमवार को नीतीश कुमार की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्हें मनाने की कोशिशों में जुट गए।
सूत्रों के अनुसार रेणु कुशवाहा ने इस्तीफे का फैसला अपने पति विजय कुमार के भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद लिया। खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ने उनसे बात की और इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया। मंत्री का कहना था कि यह अनैतिक लग रहा है कि पति भाजपा में और मैं जदयू में रहूं। मुख्यमंत्री ने उन्हें समझाया कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। राजनीति में सब चलता रहता है। मंत्री ने कहा कि पति विजय कुमार समता पार्टी के दिनों से ही नीतीश कुमार के साथ हैं। 25 वर्षो की राजनीतिक यात्रा में उन्हें अवसर नहीं दिया गया। मंत्री रेणु कुशवाहा के पति सोमवार को पूर्णिया में मोदी की रैली के दौरान भाजपा में शामिल हो गए। नीतीश की कैबिनेट से इस्तीफा देने वाली रेणु कुशवाहा दूसरी मंत्री हैं। इससे पहले समाज कल्याण मंत्री परवीन अमानुल्लाह ने मंत्री पद के साथ पार्टी की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई।