बेअंत सिंह के हत्यारे दिलावर का शहीदी दिवस मनाया गया
श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा घोषित 'कौमी शहीद' पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारे दिलावर सिंह का 'शहीदी दिवस' सोमवार को सुबह श्री अकाल तख्त साहिब में मनाया गया। अखंड पाठ के भोग के बाद श्रीअखंड कीर्तनी जत्थे के अध्यक्ष भाई बलदेव सिंह ने पाकिस्तान में शरण लिए बब्बर खालसा
अमृतसर, जागरण संवाददाता। श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा घोषित 'कौमी शहीद' पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारे दिलावर सिंह का 'शहीदी दिवस' सोमवार को सुबह श्री अकाल तख्त साहिब में मनाया गया। अखंड पाठ के भोग के बाद श्रीअखंड कीर्तनी जत्थे के अध्यक्ष भाई बलदेव सिंह ने पाकिस्तान में शरण लिए बब्बर खालसा के कुख्यात आतंकी वधावा सिंह बब्बर का संदेश पढ़ कर सुनाया।
इस अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने दिलावर सिंह की माता बीबी सुरजीत कौर व भाई चमकौर सिंह सहित कई परिवारों को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। वधावा ने सिख कौम के नाम दिए संदेश में कहा कि दिलावर सिंह ने जान देकर सिखी पर कहर करने वाले बेअंत सिंह को खत्म कर कौमी शहीद का दर्जा पाया।
तीन दशकों से पंजाब में आतंकवाद व खालिस्तान को पुन: जीवित करने का प्रयास कर रहे इंग्लैंड निवासी अवतार सिंह संघेड़ा, जोगा सिंह, जत्थेदार दलबीर सिंह, राजिंदर सिंह पुरेवाल व बलविंदर सिंह ननुआ द्वारा भेजे गए संदेशों को भी भाई बलदेव सिंह ने पढ़ा।
भाई बलदेव सिंह ने बताया कि वधावा का संदेश अकाल तख्त साहिब में बैठी संगत में से किसी ने दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद जगतार सिंह हवारा का संदेश भी पढ़ कर सुनाया गया।
जिस समय अकाल तख्त साहिब में यह संदेश पढ़े जा रहे थे, उस समय जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह सहित श्री हरिमंदिर साहिब के ग्रंथी साहिबान भी उपस्थित थे। जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने बेअंत सिंह के हत्यारे दिलावर सिंह का महिमा मंडन किया।