मतगणना के अंत तक जेल में टीवी देखते रहे चौटाला
जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला की धड़कनें चुनाव परिणाम को लेकर रविवार को बढ़ी रहीं। परिणाम से जुड़ी कवरेज को देखने के लिए उनका ध्यान टीवी स्क्रीन पर टिका रहा।
नई दिल्ली। जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला की धड़कनें चुनाव परिणाम को लेकर रविवार को बढ़ी रहीं। परिणाम से जुड़ी कवरेज को देखने के लिए उनका ध्यान टीवी स्क्रीन पर टिका रहा। सुबह मतगणना शुरू होने के समय वे पार्टी के अच्छे प्रदर्शन की आशा के साथ काफी खुश थे, लेकिन अंतिम परिणाम के बाद इनेलो के प्रदर्शन से उन्हें काफी निराशा हुई। इसके बावजूद उन्हें इस बात का संतोष था कि कांग्रेस हरियाणा में अब तीसरे नंबर की पार्टी बन चुकी है।
जेल प्रशासन के मुताबिक, जेल नंबर दो के स्वास्थ्य परीक्षण गृह में भर्ती चौटाला की दिन की शुरुआत सामान्य हुई। सुबह चाय लेने के बाद एक बार उन्होंने अखबारों पर निगाह डाली। इसके बाद उनके आग्रह पर टीवी को ऑन किया गया, दिनभर उनका पूरा ध्यान टीवी स्क्रीन पर लगा रहा। शुरुआत में उन्हें इस बात का यकीन था कि उनकी पार्टी हरियाणा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी, लेकिन जैसे-जैसे रुझान आते गए, उनके चेहरे पर निराशा की लकीरें उभरती गईं। अंतिम परिणाम से जुड़ी खबरों को देखने के बाद उनकी निराशा नजर आ रही थी। इस निराशा के बीच भी उन्हें इस बात का संतोष था कि हरियाणा में दस सालों तक सत्ता पर काबिज कांग्रेस को उनकी पार्टी से कम सीटें मिली हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक शनिवार व रविवार को तिहाड़ के कैदी किसी व्यक्ति से नहीं मिल सकते। ऐसे में चौटाला भी किसी बाहरी व्यक्ति से नहीं मिले।
पढ़ें : हरियाणा में भाजपा का धमाल, महाराष्ट्र में गठबंधन की सरकार