भाजपा में 21 को शामिल होंगे अनंत विक्रम सिंह
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह के पुत्र अनंत विक्रम सिंह 21 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। अपने पिता डॉ. संजय सिंह के साथ अमेठी में राजमहल पर अधिकार को लेकर घमासान के बाद अनंत विक्रम सिंह बीते तीन-चार माह से काफी
लखनऊ। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह के पुत्र अनंत विक्रम सिंह 21 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। अपने पिता डॉ. संजय सिंह के साथ अमेठी में राजमहल पर अधिकार को लेकर घमासान के बाद अनंत विक्रम सिंह बीते तीन-चार माह से काफी चर्चा में हैं।
अनंत सिंह अपनी मां गरिमा सिंह के साथ अमेठी के राजमहल में घुसने में सफल रहे हैं। अब वह 21 को अपने समर्थकों के साथ काफिले के रूप में लखनऊ जाएंगे। उनके भाजपा में शामिल होने के मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के भी आने की चर्चा है।
अनंत कांग्रेस के सांसद संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह के बेटे हैं। संजय सिंह तथा उनकी पत्नी के बीच अमेठी के राजमहल को लेकर विवाद चल रहा है। कांग्रेस नेता संजय सिंह और उनकी पत्नी गरिमा सिंह के समर्थकों के बीच 'भूपति भवन' को लेकर हिंसक झड़प में एक सिपाही की भी मौत हो गई थी। इसके बाद से ही गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाला जिला अमेठी में चर्चा में है।
'भूपति भवन' पर कब्जे को लेकर डॉ. संजय सिंह और उनकी पहली पत्नी गरिमा के बेटे अनंत विक्रम सिंह आमने सामने हैं। कई वर्ष के विवाद के बाद बीती 25 जुलाई को गरिमा सिंह अपने परिवार के साथ यहां लौटी थी। उन्होंने परिवार के रजिस्टर में अपना और अपने बच्चों का नाम दर्ज कराने के लिए प्रशासन को अर्जी दी थी। भूपति भवन पर गरिमा सिंह के हक जताने पर संजय सिंह को आपत्ति है। ऐसे में जब संजय सिंह और उनकी दूसरी पत्नी अमिता के अमेठी आने की खबर आई तो अनंत विक्रम सिंह के समर्थकों ने भूपति भवन को घेर लिया।