अनोखी व्यवस्था वाली होगी आंध्र की राजधानी अमरावती
आंध्र प्रदेश सरकार की कल्पना वाला 'हैप्पी सिटी' 8,603 वर्ग किलोमीटर में फैली होगी। इसमें 217 वर्ग किलोमीटर का राजधानी क्षेत्र भी शामिल होगा।
अमरावती (प्रेट्र)। आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती की अपनी सरकार होगी जिसके मतदाताओं के पास जनप्रतिनिधियों और यहां तक कि उसके कर्मचारियों को भी हटाने का अधिकार होगा। इसके साथ ही राजधानी क्षेत्र में अन्य कई विशेषताएं भी होंगी। शासन मामलों पर विशेषज्ञ दस्तावेज से इसकी जानकारी मिलती है।
यह दस्तावेज आंध्र प्रदेश राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकार (सीआरडीए) ने तैयार किया है। अमरावती विकास पर दो दिवसीय गहन मंथन कार्यशाला में दस्तावेज बांटा गया। दस्तावेज में कहा गया है, 'मेट्रोपोलिटन सरकार के चुने गए जनप्रतिनिधि और कर्मचारी अपने प्रदर्शन व निष्पादन के लिए मतदाताओं के प्रति उत्तरदायी होंगे। विफल साबित होने पर उन्हें वापस बुलाने का प्रावधान भी होगा। संविधान के तहत हर छह महीने पर मतदाताओं की वार्ड सभा की बैठक होगी। इस बैठक में जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों को बनाए रखने पर फैसला लिया जाएगा।'
ऐसा होगा हैप्पी सिटी
आंध्र प्रदेश सरकार की कल्पना वाला 'हैप्पी सिटी' 8,603 वर्ग किलोमीटर में फैली होगी। इसमें 217 वर्ग किलोमीटर का राजधानी क्षेत्र भी शामिल होगा। 2050 तक इसकी आबादी 1.35 करोड़ (इसमें 70 फीसद शहरी) होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें :गर्म चाय पीने से आंखों की इस गंभीर बीमारी का खतरा होगा कम