अमित शाह दो नवंबर को शुरू करेंगे 'नव कर्नाटक निर्माण परिवर्तन यात्रा'
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दो नवंबर को 75 दिवसीय 'नव कर्नाटक निर्माण परिवर्तन यात्रा' की शुरुआत करेंगे।
बेंगलुरु, प्रेट्र। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दो नवंबर को 75 दिवसीय 'नव कर्नाटक निर्माण परिवर्तन यात्रा' की शुरुआत करेंगे। इसका नेतृत्व राज्य में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येद्दयुरप्पा करेंगे। इसमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कमियों को उजागर किया जाएगा। भाजपा इस यात्रा के जरिये कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने अभियान की शुरुआत करेगी। दो नवंबर को यहां के बीआइईसी ग्राउंड पर दक्षिण कर्नाटक के 27 हजार में से हर बूथ से तीन मोटरसाइकिलों पर छह कार्यकर्ता आएंगे। इस तरह उस दिन यहां 1.62 लाख कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। राज्य के पार्टी प्रभारी मुरलीधर राव ने बताया कि यह यात्रा राज्य के सभी 224 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
उन्होंने कहा कि 75 दिनों के दौरान भाजपा सिद्दरमैया सरकार के घोटालों को एक के बाद एक उजागर करके सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर देगी। राव ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया को राज्यभर में होने वाली सार्वजनिक बहसों में हिस्सा लेने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक के लोगों को भ्रष्टाचार, खराब शासन और कट्टरवाद से मुक्ति दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो सिद्दरमैया सरकार की पहचान बन चुके हैं।