कोपेनहेगन के लिए एयर इंडिया की सीधी उड़ान
यूरोपीय गंतव्य के लिए एयर इंडिया की यह 11वीं उड़ान है। एयरलाइन इस साल वाशिंगटन और स्टाकहोम के लिए पहले ही सीधी उड़ानें शुरू कर चुकी है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। एयर इंडिया अपने अंतरराष्ट्रीय परिचालनों का विस्तार कर रही है। इसी के तहत शनिवार को उसने नई दिल्ली से डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के लिए सीधी उड़ान शुरू की। यूरोपीय गंतव्य के लिए एयर इंडिया की यह 11वीं उड़ान है। एयरलाइन इस साल वाशिंगटन और स्टाकहोम के लिए पहले ही सीधी उड़ानें शुरू कर चुकी है।
एयर इंडिया के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक राजीव बंसल ने यहां हवाई अड्डे पर परंपरागत तरीके से दीप प्रज्ज्वलित कर कोपेनहेगन के लिए उड़ान का शुभारंभ किया। इस फ्लाइट में सभी क्रू मेंबर महिलाएं हैं। डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन एयर इंडिया का 44वां अंतरराष्ट्रीय गंतव्य है। यह 11वां ऐसा यूरोपीय गंतव्य है, जहां एयर इंडिया की सीधी उड़ान होगी।
एयर इंडिया की कोपेनहेगन उड़ान के लिए ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल किया जाएगा। उड़ान का परिचालन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगा। कोपेनहेगन के अलावा एयरलाइन की स्टॉकहोम, मैड्रिड, विएना, रोम, मिलान, फ्रैंकफर्ट, पेरिस, बर्मिघम तथा लंदन के लिए भी सीधी उड़ानें हैं। एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा, मॉस्को के लिए सेवाएं अस्थायी तौर पर रोक दी गई हैं। यह सेवा अक्टूबर से फिर शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चीख-पुकार के बीच हवा में लटकी रही 123 यात्रियों की जान