मिस यूनाइटेड नेशन अमीषा चौधरी का एयर इंडिया ने किया स्वागत
अमीषा ने सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कंपनी में कार्य करते हुए अधिकारियों का पूरा सहयोग उन्हें मिला।
नई दिल्ली, जेएनएन। मिस यूनाइटेड नेशन का खिताब जीतने वाली अमीषा चौधरी का पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित एयर इंडिया मुख्यालय में मंगलवार को जोरदार स्वागत किया गया। एयरलाइंस हाउस में उन्हें एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी ने उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।
मालूम हो कि अमीषा चौधरी एयर इंडिया की क्रू मेंबर हैं। इस मौके पर अश्विनी लोहानी ने कहा कि एयर इंडिया परिवार को उनकी जीत पर गर्व है। उम्मीद है आने वाले समय में अमीषा से प्रेरणा लेकर एयर इंडिया की और भी क्रू मेंबर नई ऊंचाइयों को छूएंगी। उन्होंने बताया कि वह हमेशा से एयरलाइंसकर्मियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते आए हैं।
अमीषा ने सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कंपनी में कार्य करते हुए अधिकारियों का पूरा सहयोग उन्हें मिला। अमीषा चौधरी इसी वर्ष मई महीने में मिसेज साउथ एशिया बनी थीं। बाद में उन्होंने जमैका में हुई मिस यूनाइटेड नेशंस प्रतियोगिता भी जीतीं। उन्हें पूरे दक्षिण एशिया का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया था। उन्होंने 70 देशों की सुंदरियों को पछाड़ते हुए इस खिताब पर कब्जा जमाया था।
यूनाइटेड नेशन में विवाहित या अविवाहित सुंदरियों की एक ही प्रतियोगिता होती है। वहीं, यह प्रतियोगिता शादीशुदा महिलाओं के लिए दुनिया का सबसे बड़ा ब्यूटी कांटेस्ट है। अमीषा स्कूल, कॉलेजों में छात्राओं के सशक्तीकरण सहित एक गरीब लड़की की पढ़ाई का सारा खर्च भी वहन कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: इंडिया की अमीषा चौधरी बनीं मिस यूनाइटेड नेशन, लहराया तिरंगा